रांची : रांची समाहरणालय में जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकार की बैठक हुई. बैठक में कोविड-19 के बढ़ते प्रसार के रोकथाम और भविष्य में की जानेवाली तैयारियों को चर्चा की गई. जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकार के अध्यक्ष सह उपायुक्त राय महिमापत रे बताया कि जिले में आठ कंटेंटमेंट जोन जिनकी समय सीमा पूरी हो चुकी हैं, उन्हें डीनोटिफाई कर दिया गया है. जिन कंटेंटमेंट जोन को डीनोटिफाई किया गया,उनमें लोवाडीह, थाना-नामकुम, कर्बला चौक, थाना-लोअर बाजार, चुटिया थाना के पास, वर्धमान कंपाउंड, लेक रोड, उमर फारूक मस्जिद, हिंदपीढी,ग्राम-चोरेया, थाना-चान्हो, , अशोक विहार, एक्सटेंशन हाउस नंबर-16, अशोक नगर रोड, और साईं कॉलोनी, गोसाईंटोली, चुटिया शामिल है.
बैठक में सीवियर, माइल्ड और ए सिम्प्टोमैटिक कोरोना संक्रमित मरीजों के लिए जिला प्रशासन द्वारा की जाने व्यवस्था को लेकर भी चर्चा की गयी. कोरोना के बढ़ते प्रसार को देखते हुए जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकार के अध्यक्ष के द्वारा कोविड अस्पतालों, आइसोलेशन सेंटर और क्वारेंटाइन सेंटर में समुचित व्यवस्था का निदेश दिया गया. उन्होंने कहा कि मैनपावर और सभी जरुरी सर्विसेस पहले की तरह ही उपलब्ध कराते रहे. श्री रे द्वारा मरीजों के लिए बिस्तर, बिजली की सुविधा, सुरक्षा आदि को लेकर भी आवश्यक निदेश दिये गये। श्री रे ने सिविल सर्जन, रांची को सैंपल कलेक्शन के लिए लिए वैन और टेक्निशियन की संख्या बढ़ाने को कहा. साथ ही उन्होंने संक्रमित की जानकारी मिलने पर इन्वेस्टीगेशन रिपोर्ट जल्द देने को कहा ताकि जांच में यथाशीघ्र करायी जा सके.
इसके अलावा बैठक में जिले में जितने भी मॉल, प्रतिष्ठान,संस्थान,इंडस्ट्रीज, होटल, दुकान आदि जो आपदा प्रबंधन अधिनियम के नियमों का अनुपालन नहीं कर रहे हैं उनके विरुद्ध आपदा प्रबंधन अधिनियम के तहत कार्रवाई करने का निदेश दिया गया.
उपायुक्त ने कहा कि कोविड-19 से उत्पन्न परिस्थिति को देखते हुए सुरक्षा के दृष्टिकोण से साफ सफाई का ख्याल रखें, सावधानी और सतर्कता के साथ-साथ मास्क का उपयोग करें, सामाजिक दूरी का अनुपालन आवश्यक रूप से करें ताकि कोरोना के प्रसार को रोका जा सके.
जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकार के अध्यक्ष सह उपायुक्त राय महिमापत रे की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में अध्यक्ष, जिला परिषद रांची, उप विकास आयुक्त, रांची, वरीय पुलिस अधीक्षक के प्रतिनिधि, अपर समाहर्ता सह मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी, जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकार, रांची, असैनिक शल्य चिकित्सक सह मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी, रांची, कार्यपालक अभियंता पेयजल एवं स्वच्छता विभाग, रांची, जिला नजारत उप समाहर्ता, रांची उपस्थित थे.

