नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली में कोरोना के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए दिल्ली सरकार कड़े कदम उठा रही है. दिल्ली में मौजूदा हालात बेहद खराब हैं और आने वाले समय में ये हालात और बिगड़ने वाले हैं.
इन हालातों में दिल्ली सरकार ने कोरोना मरीजों के लिए 10 हजार बेड्स का बंदोबस्त किया है. इन 10 हजार बेड्स की व्यवस्था दक्षिणी दिल्ली के बाहरी इलाके में बने एक राधा स्वामी आश्रम में की गई हैं.
बताया जा रहा है कि 29 एकड़ में फैले इस राधा स्वामी आश्रम में बेड के साथ ही सभी जरुरी तैयारियां भी की गई हैं. इन इंतजामों को देखने के लिए आश्रम में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविन्द केजरीवाल और उप-मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने निरीक्षण भी किया.
इस दौरान सीएम केजरीवाल ने दुनिया की सबसे बड़ी कोरोना वायरस फैसिलिटी के बारे में बताते हुए कहा कि हल्के लक्षण वाले मरीजों के अलावा संदिग्ध मरीजों को भी यहां एडमिट किया जा सकेगा. उन्होंने ये भी कहा कि सभी घरों पर रह कर आइसोलेट नहीं हो पा रहे हैं इसलिए इन बेड्स की व्यवस्था की गई है.

