दिल्ली: दिल्ली मेट्रो ने अपने ट्विटर अकाउंट में लिखा है कि मेट्रो स्टेशनों में विशेष रूप से प्रशिक्षित हाउसकीपिंग स्टाफ रखे गए हैं जो पैसेंजर मूवमेंट एरिया को साफ करेंगे. डीएमआरसी के मुताबिक मेट्रो की सेवाएं शुरू होने पर सुरक्षित मूवमेंट के लिए मेट्रो परिसर में मौजूद मशीनों जैसे एएफसी गेट, लिफ्ट, एस्क्लेटर्स इत्यादि की सफाई के लिए भी विशेष स्टाफ नियुक्त किए गए हैं.
जानकारों का कहना है कि इस बार दिल्ली मेट्रो में यात्रा करने के लिए नए दिशा-निर्देश जारी हो सकते हैं. मेट्रो में प्रवेश करने के लिए आपको आरोग्य सेतु (Aarogya Setu) ऐप अपने फोन में रखना अनिवार्य हो सकता है. इसी तरह किसी भी यात्री को बिना मास्क यात्रा करने की अनुमति नहीं होगी. हालांकि अभी तक दिल्ली मेट्रो ने इस बाबत कोई आधिकारिक सूचना जारी नहीं की है. बताया जा रहा है कि दिल्ली सरकार जल्द ही इस पर कोई फैसला ले सकती है.

