नई दिल्ली: दिल्ली में बढ़ते कोरोन संक्रमण के बीच पंजाब के स्वास्थ्य मंत्री बलबीर सिद्धू ने कहा है कि दिल्ली के कारण उसके पड़ोसी राज्यों में संक्रमण फैला है. उन्होंने कहा कि जल्द हालात नहीं सुधरे तो उन्हें अपने राज्य में फिर से लॉकडाउन लगाना पड़ सकता है.
पंजाब सरकार के स्वास्थ्य मंत्री बलबीर सिद्धू और कैबिनेट रैंक के विधायक राजकुमार वेरका का कहना है कि दिल्ली के कारण हरियाणा में कोरोना संक्रमण के मामले बढ़े हैं.
उन्होंने कहा है कि दिल्ली में स्थिति गंभीर है और सरकार इसे संभाल नहीं पा रही है. यही हाल रहा तो अन्य पड़ोसी राज्यों को भी इसके चलते परेशानी का सामना करना पड़ सकता है.
उन्होंने यहां तक कह दिया कि अगर जरूरत पड़ी तो वो पंजाब को दिल्ली से जोड़ने वाली हरियाणा की सीमाओं को सील करवा देंगे. राजकुमार वरेका का कहना है कि दिल्ली का स्वास्थ्य मॉडल पूरी तरह से फेल है. जिसके कारण दिल्ली में हालात बेकाबू हो गए हैं.

