नई दिल्ली: प्रदेश कांग्रेस को आज शाम तक नए अध्यक्ष के मिलने की संभावना है. आला नेताओं की 10 दिन में हुई बैठकों और मुलाकातों में इस पद के लिए वरिष्ठ और युवा नेताओं के नाम पर गंभीरता से चर्चा हुई है. माना जा रहा है कि इसमें युवा नेतृत्व पर सहमति बनी है. आलाकमान की मुहर लगने के बाद सोमवार शाम तक नए प्रदेशाध्यक्ष के नाम की घोषणा हो सकती है.
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष का पद करीब ढाई महीने से खाली है. इसी कारण पार्टी विधानसभा चुनाव के लिए सक्रिय भी कम ही दिख रही है. इस पद को लेकर अंतर्विरोध भी थे. अब नाम की घोषणा होते ही विधानसभा चुनाव के लिए उम्मीदवारों का चयन शुरू हो जाएगा.
इसके लिए कार्यकर्ताओं, जिलाध्यक्षों सहित पार्टी के सभी नेताओं के साथ बैठकें होंगी. प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी पीसी चाको ने बताया कि सोमवार शाम तक अध्यक्ष के नाम की घोषणा की संभावना है. इसके साथ ही सभी 70 सीटों पर उम्मीदवारों की सूची तैयार की जाएगी.

