रांची: गर्मियों के आते ही देशी फ्रिज यानी मिट्टी के घड़े, सुराही आदि की डिमांड कुछ ज्यादा ही हो जाती है. राजधानी रांची में भी दिनों-दिन गर्मी में बढ़ोत्तरी हो रही है. लोग गर्मी से बचने के लिए मिट्टी के घड़े, सुराही आदि खरीद रहे हैं.
फ्रिज अथवा कूलर की बिक्री में बढ़ोत्तरी आए या ना आए, लेकिन मिट्टी से बने बर्तनों की बिक्री में अच्छी-खासी बढ़ोतरी देखने को मिल रही है. बता दें कि राजधानी रांची में सूर्य की तपिश ने आम लोगों का जीना मुहाल कर रखा है.

आलम यह है कि गर्मी के मौसम में लोग इससे बचने के लिए हर वक्त विकल्प की तलाश में रहते हैं. इन्हीं विकल्पों में से एक है मिट्टी का घड़ा. मिट्टी के घड़े का क्रेज यह कि सुविधा संपन्न व्यक्ति भी महंगे फ्रीज के घर में रहते हुए भी घड़े के पानी को ज्यादा तवज्जो देते है.
वजह सिर्फ इतनी है कि घड़े का पानी का गर्मी में कोई साईड इफेक्ट नहीं होता. ऊपर से सोंधी खुशबू के बीच घड़े का एक ग्लास पानी गले को तरावट करने में कोई कसर नहीं छोड़ता.
रांची में गर्मी के मौसम में रोजाना तीन सौ घड़े की बिक्री होती है मिट्टी के बर्तन विक्रेताओं ने घड़े ओर सुराही की बिक्री शुरू कर दी है.

वहीं मिट्टी के बर्तन बेचने वाले अजीत ने बताया कि गर्मी बढ़ने के साथ ही घड़ी, सुराही की बिक्री में तेजी आई है. लोग एक साथ दो-तीन घड़े खरीदकर ले जा रहे हैं. उसने बताया कि उसके यहां 70 से लेकर 150 रुपये तक के घड़ा एवं सुराही उपलब्ध है. दुकानदार ने बताया कि लोगों द्वारा घड़ा की अपेक्षा सुराही को अधिक पसंद किया जा रहा है.
आपको बता दें कि बाहर से आने के कारण बाजार में सुराही की उपलब्धता कम होने के कारण दुकानदारों द्वारा मनमाने दाम वसूले जा रहे हैं.

