रांची:- झारखंड विधानसभा बजट सत्र के दौरान सदन की कार्यवाही शुरू होने पर कई सदस्यों ने अपने क्षेत्र की समस्या को सभा में उठाया.
भाजपा के अनंत ओझा ने बताया कि साहेबगंज जिले के उधवा क्षेत्र में मछली पालन करने वाले लोगों को पश्चिम बंगाल क्षेत्र से आये लोग पिटाई कर वापस चले जाते है और पुलिस मूकदर्शक बनी रहकर देखती रहती है. उन्होंने सरकार से उधवा क्षेत्र के मत्स्य पालकों को न्याय दिलाने की मांग की.
सीमित उपसमाहर्त्ता परीक्षाफ का प्रकाशन जल्द
जेएमएम विधायक दीपक बिरुवा ने अल्पसूचित प्रश्न के माध्यम से प्रथम सीमित उपसमाहर्त्ता परीक्षा के 7 महीने बाद भी परीक्षाफल प्रकाशित नहीं होने का मामला उठाया. प्रभारी मंत्री आलमगीर आलम ने बताया कि लॉकडाउन के कारण रिजल्ट के प्रकाश में विलंब हुआ है, लेकिन अब जल्द की परीक्षाफल प्रकाशित कर दी जाएगी.
सड़क पर नमाज पढ़ने का मामला गूंजा
भाजपा के भानु प्रताप शाही ने कटकमसांडी क्षेत्र में सड़क पर नमाज पढ़ने का मसला उठाया और कहा कि जब इसकी सूचना स्थानीय थाने को लोग देने पहुंचे तो सूचना देने वाले को ही पुलिस ने जेल भेज दिया. यह बहुसंख्यक आबादी को लेकर सरकार की अवधारणा दर्शाती है.
प्रमाण पत्र में त्रुटि व अनियमिता के कारण दावा अमान्य
दीपक बिरुवा के एक अन्य अल्पसूचित प्रश्न के उत्तर में संसदीय कार्यमंत्री ने बताया कि 11 मोटरयान निरीक्षक अभी कार्यरत है, इनमें से दो स्थायी और 9 संविदा पर कार्यरत है. उन्होंने बताया कि झारखंड कर्मचारी चयन आयोग द्वारा ली गयी परीक्षा में प्रमाण पत्रों में त्रुटियों और अनियमिता पाये जाने के बाद उनके दावे को अमान्य कर दिया गया है.
खोरठा भाषा के प्रचार-प्रसार का आग्रह
एनसीपी के कमलेश कुमार सिंह ने वीर कुवंर सिंह की जयंती पर 23 अप्रैल को सार्वजनिक छुट्टी की मांग की.भाजपा के विरंची नारायण ने खोरठा भाषा के प्रचार-प्रसार का आग्रह किया, इस पर सरकार की ओर से बताया गया है कि 18 नवंबर 2011 को ही अन्य भाषाओं के साथ खोरठा भाषा को भी द्वितीय राजभाषा का दर्जा दे दिया गया है.
हजारीबाग जेल में चिकित्सकों के पदस्थापना का आग्रह
झारखंड मुक्ति मोर्चा के मथुरा प्रसाद महतो ने हजारीबाग सेंट्रल जेल में 2092 कैदियों के बंद रहने की बात स्वीकार करते हुए कहा कि इनमें से 56 प्रतिशत आजीवन कारावास से संबंधित बंदी है. कैदियों के लिए केंद्रीय कारा में एक महिला और दो पुरुष चिकित्सक की प्रतिनियुक्ति का भी निर्णय लिया गया है और जल्द ही प्रतिनियुक्ति कर दी जाएगी. कांग्रेस के उमाशंकर अकेला ने हजारीबाग जिले के बरही थाना अंतर्गत गुड़ियां विजैया पंचायत में पुलिस ओपी बनाने की मांग की, जिस पर सरकार की ओर से विचार करने का भरोसा दिलाया गया.

