ट्रैक्टर रैली व झांकियों के माध्यम से कांग्रेस कार्यकर्त्ताओं बर्बाद होती मंडियों को दर्शाया
रांची: केंद्र सरकार के नये कृषि कानून के खिलाफ प्रदेश कांग्रेस की ओर से सोमवार को अनोखे अंदाज में विरोध प्रदर्शन किया गया. ट्रैक्टर रैली में शामिल होने के पहले कांग्रेस नेताओं-कार्यकर्त्ताओं ने ट्रैक्टर में झांकी निकाली ,जिसमें बर्बाद होती मंडियों को दिखाया गया. मंडियो में आलू, प्याज, धान, गेहूँ ,गन्ना को बटखरे की जगह रुपयों से तराजू में तौलते हुए दर्शाया गया है जो काफी आकर्षण का केंद्र बिन्दु मेंं रहा.
वहीं नये कृषि कानून के विरोध में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सह वित्तमंत्री डॉ. रामेश्वर उरांव के नेतृत्व में रांची के नामकुम स्थित रामपुर से पुराना विधानसभा मैदान तक ट्रैक्टर रैली निकाल कर पार्टी कार्यकर्त्ताओं ने जोरदार तरीके से प्रदर्शन किया.
इस मौके पर डॉ रामेश्वर उरांव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एवं उनकी सरकार ने तीन काले कानूनों को संसद से पारित कर देश के 62 करोड़ अन्नदाताओं व खेत खलिहानों पर सीधा हमला कर अपने पूंजीपति मित्रों का हित साधने तथा देश मे वर्षों पूर्व कांग्रेस पार्टी द्वारा समाप्त किये गए जमींदारी प्रथा को पुनः बहाल करने एवं जमाखोरों मुनाफाखोरों को बढ़ावा देने का काम किया है.
उन्होंने कहा कि मोदी सरकार के दोनों कार्यकाल में देश के अर्थव्यवस्था की रीढ़ कृषि गहरे संकट में चला गया है. समय पर न्यूनतम समर्थन मूल्य नहीं मिलने से किसानों पर कर्ज का बोझ बढ़ता चला गया.
इस मौके पर मीडियाकर्मियों से बात करते हुए प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता आलोक कुमार दूबे ने कहा कि काले कानून लागू होने से पूरे देश के किसान तबाह हो जाएंगे, बर्बादी के कगार पर आ गए हैं, पूंजीपतियों को लाभ पहुंचाने की केंद्र सरकार की यह नीति भारत की अर्थव्यवस्था को पूरी तरह से नष्ट कर देगा, कांग्रेस पार्टी इस बिल के खिलाफ अपना आंदोलन जारी रखेगी.
ट्रैक्टर रैली में प्रदेश प्रवक्ता लाल किशोरनाथ शाहदेव राजेश गुप्ता छोटू, प्रोफेशनल कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष आदित्य विक्रम जयसवाल, अल्पसंख्यक प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष शकील अख्तर अंसारी, वरिष्ठ कांग्रेस नेता निरंजन पासवान समेत अन्य पार्टी नेता उपस्थित थे.

