रांची:- झारखंड विधानसभा के मुख्य द्वार पर सोमवार को भाजपा विधायकों ने खूंटी नर्सिंग संस्थान में प्रशिक्षण प्राप्त कर रही छात्राओं को न्याय दिलाने की मांग को लेकर प्रदर्शन किया.
मुख्य द्वार पर हाथों में तख्तियां लिये प्रदर्शन कर रहे भाजपा विधायकों ने कहा कि खूंटी में जिस तरह से नर्सिंग संस्थान में प्रशिक्षण ले रही महिलाओं के साथ शोषण किया गया है, उस मामले में सभी दोषियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित होनी चाहिए. उन्होंने यह भी कहा कि छात्राओं का प्रशिक्षण बीच में ना छूटे इसके लिए भी आवश्यक कदम उठाये जाने चाहिए.
भाजपा के विरंची नारायण ने कहा कि यह सिर्फ छात्राओं के शोषणा का नहीं, बल्कि लव जिहाद का मामला है. सरकार को ऐसी घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए आवश्यक कार्रवाई करनी चाहिए. भाजपा की अपर्णा सेनगुप्ता ने भी छात्राओं के साथ दुर्व्यवहार मामले की निंदा करते हुए दोषियों के विरूद्ध कड़ी कार्रवाई करने की मांग की.

