धनबाद: झारखंड के धनबाद में सिंदरी एसीसी सीमेंट प्लांट के मुख्य द्वार पर नियोजन की मांग को लेकर धरना दे रहे ग्रामीणों और पुलिस के बीच सोमवार को जमकर बवाल हुआ. लाठीचार्ज पर गुस्साए ग्रामीणों ने न सिर्फ पुलिस पर पत्थरबाजी की बल्कि एसीसी प्लांट के भीतर भी पत्थरों की बौछार कर दी.
इसके बाद ग्रामीणों को तितर-बितर करने के लिए पुलिस को हवाई फायरिंग भी करनी पड़ी. इस बवाल में एसडीएम सहित कई लोग घायल बताए जा रहे हैं. फिलहाल पुलिस ने एसीसी प्लांट के आसपास धारा 144 लगा दी है. मामला धनबाद के सिंदरी का है.
क्या है मामला: –
सिंदरी स्थित एसीसी प्लांट के मुख्य द्वार पर अपने पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत सैकड़ों ग्रामीण नियोजन सहित कई मांगों को लेकर सोमवार को धरना दे रहे थे.इसको लेकर प्लांट के मुख्य द्वार पर एसडीएम धनबाद की अध्यक्षता में ग्रामीणों की मांगों पर एक बैठक शुरू हुई. बैठक में लगभग सहमति बन ही चुकी थी, तभी किसी बात को लेकर ग्रामीण और प्लांट प्रबंधन के बीच नोकझोंक शुरू हो गई. देखते ही देखते मामला बिगड़ने लगा.
मौके पर मौजूद एसडीएम और सिंदरी डीएसपी ने ग्रामीणों को काफी समझाने का प्रयास किया, लेकिन हंगमा बढ़ता गया. अंततः हंगामे को शांत कराने को लेकर पुलिस ने ग्रामीणों को वहां से हटाने के लिए हल्का लाठीचार्ज कर दिया. इसके बाद ग्रामीण आगबबूला हो उठे. ग्रामीणों को लगा कि पुलिस भी प्लांट प्रबंधन का साथ दे रही है. इसके बाद ग्रामीणों ने पुलिस पर पत्थरबाजी शुरू कर दी.
बता दें कि प्लांट के आसपास धारा 144 लगाई जा रही है. फिलहाल घटनास्थल से तीन महिलाओं को हिरासत में लिया गया है.घटनास्थल से तीन महिलाओं को हिरासत में लिया गया है.

