अभिनव कुमार,
रांची: झारखंड में डेंगू का प्रकोप लगातार बढ़ रहा है. सबसे ज्यादा गुमला जिले के मरीज रिम्स पहुंच रहे हैं. रिम्स का डेंगू आइसोलेशन वार्ड मरीजों से भरा हुआ है. अब फर्श पर डेंगू पीड़ितों का इलाज किया जा रहा है. गुमला के अलावा पलामू, जामताड़ा, धनबाद, बोकारो, कोडरमा और रामगढ के भी डेंगू मरीज यहां भर्ती हैं. इन सभी को तेज बुखार, बदन दर्द, उल्टी की शिकायत है. वहीं जो भर्ती है उनके परिवार के सदस्य का कहना है कि एक ही परिवार के 5 से 6 लोग डेंगू से ग्रसित है उनका इलाज रिम्स में चल रहा है.
डेंगू को लेकर नगर निगम हरकत में
रांची के हिंदपीढ़ी क्षेत्र में डेंगू के 8 मरीज रिम्स में भर्ती हुए हैं. रिम्स का डेंगू वार्ड पूरी तरह भर चुका है. क्योंकि सभी बेड पर डेंगू के मरीज भरे पड़े हैं. इसे देखते हुए नगर निगम हरकत में आया और शनिवार को निगम की ओर से हिंदपीढ़ी क्षेत्र में फॉगिंग कराई गई.
डिप्टी मेयर संजीव विजयवर्गीय सहित निगम के अफसर स्थिति का जायजा लेने पहुंचे. इस कर्म में डिप्टी मेयर ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि हर हाल में सुबह और शाम पूरे क्षेत्र में फागिंग करें. साथ ही लोगों से भी साफ सफाई बरतने की अपील करें, ताकि मच्छर का लार्वा न पनपे.

