देवघर : उपायुक्त नैन्सी सहाय ने बताय़ा कि कोरोना के संक्रमण के मद्देनजर लॉक-डाउन के कारण देश के विभिन्न राज्यों से बड़ी संख्या में झारखंड आ रहे मजदूरों को परेशानी हो रही है. इन मजदूरों की जरूरतों को देखते हुए राज्य के विभिन्न राजमार्गो पर भोजन उपलब्ध कराया जाना है. इसके लिए अपर मुख्य सचिव, खाद्य सार्वजनिक वितरण एवं उपभोक्ता मामले विभाग के निर्देशानुसार 31 मई तक की अवधि के लिए देवघर में 10 प्रवासी मजदूर दाल-भात केन्द्र खोले जाने की स्वीकृति प्राप्त हुई हैं. इसके बाद जिला में स्वयं सहायता समूह की मदद से मधुपुर, मोहनपुर एवं देवघर प्रखंड में कुल 03 ’’प्रवासी मजदूर दाल-भात केन्द्र’’ दिनांक 31मई तक के लिये खोले गए है, जिनके नाम क्रमशः मधुपुर प्रखण्ड अंतर्गत जियोन मार्सल आजिविका सखी मंडल (चेक पोस्ट भिरखीबाद,मधुपुर), मोहनपुर प्रखण्ड अंतर्गत यमुना स्वयं सहायता समूह, चितरपोंका (चौपा मोड़, मोहनपुर देवघर) एवं देवघर प्रखण्ड अंतर्गत पार्वती आजीविका सखी मंडल, बड़ाधोबाना (बड़ाधोबाना, केनमनकाठी) है।
उपायुक्त ने बताया कि जियोना मार्सल आजिविका सखी मंडल, भिरखीबाद को विशिष्ट दाल-भात केन्द्र के अतिरिक्त रात्रि में ’’प्रवासी मजदूर दाल-भात केन्द्र’’ के रूप में भी संचालन करने की स्वीकृति दी गयी है. साथ हीं उन्होंने कहा कि उपरोक्त प्रवासी मजदूर दाल भात केन्द्रों को विविध खर्चो यथा ईंधन, मशाला, सब्जी आदि हेतु प्रतिदिन रू 1000/- प्रति केन्द्र की दर से उपलब्ध कराया जायेगा एवं केन्द्रों का संचालन प्रवासी मजदूरों के आवागमन को देखते हुए राजमार्गो के यथोचित बिन्दुओं पर किया जायेगा. साथ हीं प्रवासी मजदूर दाल-भात केन्द्रों के लिए 200 लाभुकों हेतु 200 ग्राम प्रति व्यक्ति की दर से संबंधित प्रवासी मजदूर दाल-भात केन्द्र संचालकों को चावल तथा 5 किलोग्राम दाल मुफ्त में आपूर्ति की जायेगी। इसके अतिरिक्त सब्जी, ईधन, तेल, नमक आदि की व्यवस्था केन्द्र संचालकों द्वारा स्वयं की जायेगी.
उपायुक्त ने निर्देश दिया कि प्रवासी मजदूर दाल-भात केन्द्रों को योजनान्तर्गत प्राप्त होने वाली सामग्रियों की आवंटन पंजी सही तरीके से मेंटेन की जाय एवं केन्द्रों पर लाभान्वित होने वाले व्यक्तियों का ब्योरा भी रखते हुए वैसे व्यक्तियों की संख्या की जानकारी विभाग को उपलब्ध कराया जाय. इसके अलावा सभी प्रवासी मजदूर दाल-भात केन्द्रों पर साफ-सफाई का विशेष ध्यान रखने और सोशल डिस्टेंसिंग का भी पालन करने की बात कही है.

