रांची: झारखंड विधानसभा के तीसरे चरण के चुनाव को लेकर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं. तीसरे चरण के 8 जिलों के 17 विधानसभा सीटों के लिए 12 दिसंबर को वोट डाले जाएंगे. सुरक्षा के लिहाज से सभी विधानसभा सीटों पर केंद्र से मिले करीब 350 कंपनी सुरक्षाबलों की तैनाती की गई है.
इसके अलावा जिला बल और गृह रक्षक को भी लगाया गया है. इनमें 11 विधानसभा क्षेत्र नक्सल प्रभावित क्षेत्र सुरक्षा के ख्याल से संवेदनशील हैं, जहां पुख्ता एवं कड़े इंतजाम किए गए हैं. इनमें बरही, मांडू, कोडरमा, सिमरिया, बड़कागांव, रामगढ़ ,धनवार, गोमिया, इचागढ़, सिल्ली और कांके शामिल है. इन क्षेत्रों में जंगलों में पुलिस के जवान की तैनाती की गई है, ताकि मतदान के दिन कोई व्यवधान उत्पन्न ना हो पाए.
पुलिस मुख्यालय ने संबंधित जिलों के एसपी को यह निर्देश दिया है कि जो भी बल पहले से नक्सल विरोधी अभियान में लगे हुए हैं, उन्हें अभियान में ही रखना है, जो अतिरिक्त बल केंद्र से मिला है उसे शहरी एवं मतदान केंद्र की सुरक्षा में लगाना है. सभी पुलिस अधीक्षकों ने मामले की गंभीरता को देखते हुए स्वयं प्रत्येक बूथ की समीक्षा की और उसी के अनुसार बल प्रतिनियुक्त किया गया है. घोर अति नक्सल प्रभावित बूथों पर मतदान कर्मियों की हेली ड्रॉपिंग कराई जाएगी. सुरक्षा के लिहाज से नक्सल प्रभावित इलाकों में हेलिकॉप्टर से भी निगरानी रखी जाएगी. एडीजी ऑपरेशन मुरारी लाल मीणा ने बताया कि चुनाव को लेकर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं. निष्पक्ष और शांतिपूर्ण मतदान कराने के लिए पर्याप्त संख्या में अर्धसैनिक बलों की नियुक्ति की गई है.

