सीएचसी में उपायुक्त ने की डॉक्टर और नर्स की उपस्थिति की जांच
सीएचसी सिल्ली का भी किया औचक निरीक्षण
रांची: उपायुक्त रांची छवि रंजन जिले की विभिन्न प्रखंडों का औचक दौरा कर रहे हैं. इसी क्रम में 12-13 सितंबर की मध्य रात्रि रंजन सिल्ली प्रखंड पहुंचे.
बीडीओ मुख्यालय में थे उपस्थित
औचक निरीक्षण के दौरान सिल्ली प्रखंड पहुंचे रांची उपायुक्त छवि रंजन ने पूरे प्रखंड मुख्यालय का निरीक्षण किया. इस दौरान प्रखंड विकास पदाधिकारी प्रखंड मुख्यालय में उपस्थित थे जबकि अंचलाधिकारी मुख्यालय अवकाश पर थे.
सीएचसी का औचक निरीक्षण
उपायुक्त छवि रंजन ने सीएचसी सिल्ली का भी औचक निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने पूरे सीएचसी परिसर का मुआयना करते हुए नर्स और डॉक्टर की उपस्थिति की जांच की. सीएचसी में डॉक्टर विवेक मौजूद थे. उपायुक्त ने कहा कि सीएचसी में इलाज के लिए पहुंचने वाले लोगों को 24 घंटे सुविधा उपलब्ध होनी चाहिए. किसी भी तरह की शिकायत मिलने पर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. इस दौरान उपायुक्त ने साफ सफाई की व्यवस्था का भी जायज़ा लिया.
बीडीओ/सीओ को प्रखंड मुख्यालय में रहने का है निदेश
उपायुक्त छवि रंजन ने 12 सितंबर की देर रात बेड़ो प्रखंड मुख्यालय का औचक दौरा किया था. इस दौरान प्रखंड विकास पदाधिकारी प्रखंड मुख्यालय से अनुपस्थित थे, इसे गंभीरता से लेते हुए उपायुक्त ने सभी बीडीओ/सीओ को प्रखंड मुख्यालय में रहने का निर्देश दिया है. साथ ही सख्त हिदायत दी है कि अनुपस्थिति पर विभागीय कार्रवाई की जाएगी. आपको बताएं कि 12 सितंबर को उपायुक्त ने अनगड़ा प्रखंड का भी औचक निरीक्षण किया था.

