उपायुक्त ने कहा, “कॉन्टैक्ट ट्रेसिंग के दौरान अंतिम संभावित संपर्क व्यक्ति तक पहुंचें
रांची : शनिवार को उपायुक्त रांची राय महिमापत रे की अध्यक्षता में आईसीडीएस, जिला स्वास्थ्य समिति एवं वरीय अधिकारियों के साथ कोरोना रोकथाम से संबंधित बैठक आयोजित की गई. बैठक के दौरान उपायुक्त रांची ने निर्देश दिया कि जिन नए क्षेत्रों में कोरोना के पॉजिटिव मरीज मिल रहे हैं उस पूरे क्षेत्र में कॉन्टैक्ट ट्रेसिंग या सर्वे की प्रक्रिया जल्द से जल्द पूरी करें. इस दौरान इस बात का विशेष ध्यान रखें कि हमारा लक्ष्य होना चाहिए कि इस दौरान कोरोना पॉजिटिव मरीज के संपर्क में आने वाले अंतिम संभावित व्यक्ति तक पहुंचें और उनकी पहचान करें.
कोरोना के संभाव्य प्रसार की रोकथाम हेतु जिला प्रशासन द्वारा लगातार प्रयास किया जा रहा है ताकि कोरोना के संक्रमण प्रसार को रोका जा सके। शनिवार को अब तक उठाए गए कदमों की समीक्षा एवं आगे की तैयारियों के लिए उपायुक्त राँची श्री राय महिमापत रे की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। आयोजित बैठक के दौरान उपायुक्त श्री रे ने निदेश देते हुए कहा कि, “रांची जिला में हमारी पूरी टीम ने बेहतर कार्य का प्रदर्शन करते हुए कोविड-19 के प्रसार पर लगाम लगाने में सफलता पाई है। हमारा रिकवरी रेट भी बाकी जगहों से बेहतर स्थिति में है। यह प्रयास हममें आगे भी जारी रखना है और नए क्षेत्रों में भी कोरोना संक्रमण के प्रसार को रोकना है। इसके लिए मेडिकल सक्रीनिंग और कॉन्टैक्ट सक्रीनिंग की प्रक्रिया को तेजी से पूरा करने की आवश्यकता है।”
बैठक के दौरान अनुमण्डल पदाधिकारी सदर, रांची, सिविल सर्जन रांची सहित आईसीडीएस के पदाधिकारी एवं जिलास्तर के अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।

