मेदिनीनगर : 32 वा राष्ट्रीय सड़क सुरक्षा माह के तहत शुक्रवार को उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी शशि रंजन के द्वारा बाइक जागरूकता रैली को रवाना किया गया. इस अवसर पर बाइक रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया.
रैली समाहरणालय परिसर से शुरू होकर शहर के सभी मुख्य चौराहों यथा रेडमा चौक साहित्य समाज चौक तथा बैरिया चौक से होते हुए जिला परिषद कार्यालय के पास समाप्त हुई. इस दौरान सभी बाइक सवारों ने हेलमेट मास्क तथा जूते पहन रखे थे. साथ ही साथ सभी बाइकों पर सड़क सुरक्षा के बारे में जानकारी देने के लिए पैम्फलेट लगाए गए थे. लोगों को यातायात और कोविड-19 के नियमों के प्रति जागरूक किया गया.
उपायुक्त शशि रंजन ने सड़क दुर्घटनाओं को रोकने, दुर्घटना से बचने के उपाय, यातायात के नियमों का पालन करने तथा सुगम और सुरक्षित यात्रा के लिए जन सहभागिता और नियमों के पालन को आवश्यक बताया. उन्होंने बताया कि बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं को देखते हुए लोगों को जागरूक करने की आवश्यकता है ऐसे में जिला परिवहन कार्यालय द्वारा आयोजित की गई यह बाइक रैली काफी लाभप्रद होगी.
मौके पर उपायुक्त शशि रंजन के अलावा सहायक जनसंपर्क पदाधिकारी श्री अजीत कुमार तिवारी, जिला परिवहन कार्यालय के बिजनेस एनालिस्ट श्री रितेश कुमार एवं आईटी असिस्टेंट श्री सुनील कुमार सहित सैकड़ों की संख्या में बाइक सवार मौजूद थे.
परिवहन विभाग के बिजनेस एनालिस्ट रितेश कुमार ने बताया कि वर्ष 2020 में कुल 207 सड़क दुर्घटनाएं रिकॉर्ड की गई हैं जिसमें 163 लोगों की मौत हुई है वही 180 लोग इस सड़क दुर्घटनाओं में घायल हुए हैं.

