जमशेदपुर: राज्य सरकार के निर्देश के आलोक में डुमरिया प्रखंड के सुदूरवर्ती खड़िदा पंचायत में ’सरकार आपके द्वार’ कार्यक्रम का आयोजन किया गया.
कार्यक्रम में उपायुक्त रविशंकर शुक्ला, प्रखंड विकास पदाधिकारी-सह-अंचलाधिकारी मुरली यादव तथा जिले एवं प्रखंड के अन्य पदाधिकारी शामिल हुए. ’सरकार आपके द्वार’ कार्यक्रम के आयोजन का उद्देश्य आम जनता को सरकार की योजनाओं की जानकारी देने के साथ-साथ योजनाओं का लाभ बिना भाग-दौड़ किए उन्हें मिले ये सुनिश्चित करना है.
मौके पर उपस्थित ग्रामीणों से आवेदन प्राप्त करते हुए उन्हें सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी भी दी गयी तथा बताया गया कि इन योजनाओं का लाभ कैसे प्राप्त करें एवं विभिन्न योजनाओं के लाभ लेने हेतु क्या-क्या पात्रता है आदि. कार्यक्रम में मुख्यतः राशन, पेंशन एवं आवास से जुड़े आवेदन प्राप्त हुए.
विभिन्न विभागों के स्टॉल का निरीक्षण कर ज्यादा से ज्यादा आवेदन प्राप्त करने के दिए निर्देश
उपायुक्त ने कार्यक्रम स्थल पर विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉल का निरीक्षण कर संबंधित को ग्रामीणों से ज्यादा से ज्यादा आवेदन प्राप्त करने के निर्देश दिए. आपूर्ति विभाग, स्वास्थ्य विभाग, पशुपालन विभाग, स्वच्छ भारत मिशन, मनरेगा, प्रधानमंत्री आवास, जेएसएलपीएस, कृषि विभाग, अंचल कार्यालय, सामाजिक सुरक्षा(पेंशन), आत्मा, उद्यान विभाग, भूमि संरक्षण विभाग, सहकारिता विभाग, पेयजल एवं स्वच्छता विभाग, विद्युत विभाग, वन विभाग आदि के द्वारा स्टॉल लगाकर ग्रामीणों को सरकार द्वारा चलायी जा रही विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देकर जागरूक किया गया. इसके अलावा ग्रामीणों की समस्याओं से संबंधित आवेदनों को भी संबंधित विभाग के अधिकारियों व कर्मियों द्वारा अपने-अपने विभाग के स्टॉल के माध्यम से एकत्रित किया गया.

