रांची के उपायुक्त राय महिमापत रे और एसडीओ लोकेश मिश्रा ने लालपुर चौक स्थित परिजात भवन में इंडिया यंग फाउंडेशन के खिचड़ी केंद्र का दौरा किया . इस दौरान वे इंडिया एंड फाउंडेशन के कार्य साफ-सफाई , सैनिटाइज़ेशन तथा परिवार की तरह मिलजुल कर काम करने की प्रवृत्ति को देखकर अत्यंत प्रभावित हुए. उपायुक्त ने लॉक-डाउन के इस कठिन दौर में इंडिया यंग फाउंडेशन द्वारा चलाए जा रहे राहत कार्यों तथा तमाम जरूरतमंदों को कच्चा राशन और खिचड़ी बांटने की सराहना की. उन्होंने संस्था के साथ सहयोग करने की बात की.
ज्ञातव्य है कि लॉक डाउन के समूचे दौर में इंडिया यंग फाउंडेशन ने रांची जिले के समूचे 53 वार्डों के 627 क्षेत्रों में जाकर 10235 परिवारों को कच्चा राशन एवं 508 क्षेत्रों में जाकर 201827 लोगों को खिचड़ी बांटने का कार्य किया है . जिसके लिए इसके 3 दर्जन से ज्यादा समर्पित कार्यकर्ता सुबह से शाम तक जी जान लगाकर बिना अपने स्वास्थ्य की परवाह किए जुटे रहे. यह कार्य आवश्यकतानुसार आगे भी जारी रहेगा. ऐसा इंडिया यंग फाउंडेशन के सचिव आर्यन दुदवानी एवं अन्य पदाधिकारियों ने उपायुक्त महोदय को आश्वस्त किया.

