कोविड-19 विशेष टीकाकरण अभियान का लिया जायजा
मेदिनीनगर:- कोविड-19 के टीके से आप सब डरे नहीं. यह पूरी तरह सुरक्षित है. हम भी लिए हैं आप भी लीजिए. उक्त बातें उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी श्री शशि रंजन ने कही. वे आज चैनपुर प्रखंड के विभिन्न पंचायतों के भ्रमण के दौरान लोगों से मुखातिब हो रहे थे.
आज दिनांक 20 मार्च को कोविड-19 टीकाकरण के विशेष अभियान के पहले दौर की शुरुआत हुई. इस विशेष अभियान के तहत जिले के सभी पंचायतों में कोविड-19 टीकाकरण केंद्र की व्यवस्था की जाएगी. चैनपुर प्रखंड में आज के दिन 12 पंचायतों में विशेष टीकाकरण केंद्र की व्यवस्था की गई थी. उपायुक्त-सह- जिला दंडाधिकारी श्री शशि रंजन ने चैनपुर प्रखंड के बूढ़ीवीर, रबदा, खुरा कलां तथा बन्दुआ पंचायत का दौरा किया. बूढ़ीवीर के स्तरोन्नत उच्च विद्यालय में लगाये गए विशेष टीकाकरण केंद्र में लोगों की अच्छी खासी भीड़ दिखी. उपायुक्त ने वहां मौजूद पदाधिकारी को अच्छे ढंग से एंट्री तथा ज्यादा से ज्यादा लोगों को टिका लगाने का निर्देश दिया.
इसके बाद उपायुक्त खुरा कलां पंचायत भवन पहुंचे. वहां भी लोगों की भारी भीड़ थी. उपायुक्त ने वहां मौजूद लोगों से कहा कि टीकाकरण से डरीयेगा मत, हम भी लिए हैं आप भी लीजिए. यह पूरी तरीके से सुरक्षित है. उपायुक्त के साथ इस दौरान प्रखंड विकास पदाधिकारी चैनपुर श्री रंथू महतो भी मौजूद थे. इसके बाद उपायुक्त रबदा पंचायत भवन तथा बन्दुआ पंचायत भवन पहुंचे. उन्होंने वहां मौजूद पदाधिकारियों से अच्छी तरीके से समन्वय बनाकर ज्यादा से ज्यादा लोगों को टीका के लिए जागरूक करने की बात कही.
उपायुक्त ने इस दौरान टीका लेकर ऑब्जर्वेशन रूम में बैठे हुए लोगों को बधाई दी तथा उन्हें कहा कि वे अपने घर तथा गांव में जाकर लोगों को टीका लेने के लिए जागरूक करें.
उपायुक्त ने कहा कि कोरोना के इस महामारी का सबसे ज़्यादा असर 60 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों पर होता है. ऐसे में सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी संबंधित मुखिया से समन्वय बना पंचायत में निवास कर रहे सभी 60 वर्ष से अधिक उम्र के लोगों का टीकाकरण सुनिश्चित करें.

