सुभाष प्रसाद सिंह
जामताड़ा: जामताड़ा जिले के सभी प्रखंडो में प्रखंड विकास पदाधिकारी के नेतृत्व में स्वीप कार्यक्रम के तहत मतदाता जागरूकता अभियान चलाया गया. नारायणपुर और कुंडहित प्रखण्ड के प्रखंड विकास पदाधिकारियों, पंचायती राज पदाधिकारी ने स्वीप टीम एवं प्रखंड कर्मियों के साथ सड़क पर रैली निकालकर मतदान का अधिकार का उपयोग करने के लिए मतदाताओं को जागरूक एवं प्रेरित किया.
कुंडहित में मास्टर ट्रेनर सुबल शर्मा के द्वारा प्रखंड कार्यालय के विभिन्न विभाग के कार्यकर्ता एवं व्यक्तियों को ईवीएम एवं वीवीपैट से संबंधित विस्तृत जानकारी दी गई. ईवीएम एवं वीवीपैट के उपयोग की प्रक्रिया को भी बताया गया. करमाटांड़ प्रखंड में अभिषेक प्रसाद यादव, सिंगल विंडो क्षेत्र समन्वयक एवं संतोष कुमार सिंगल विंडो क्षेत्र सहायक द्वारा मतदाता जागरूकता के तहत दीवार लेखन का कार्य किया गया.
जिले में पांचवें चरण में दिनांक 20 दिसंबर 2019 को मतदान की प्रक्रिया होगी. जिसके लिए आम लोगों एवं महिलाओं को घर से निकल कर सही उम्मीदवार को चुनने के अवसर का सदुपयोग करने के लिए प्रेरित किया गया. जामताड़ा प्रखण्ड में स्वीप टीम द्वारा उत्क्रमित मध्य विद्यालय रामपुर एवं गायछान्द में स्पीप कार्यक्रम के तहत मतदाताओं को विधानसभा निर्वाचन 2019 में भाग लेने एवं अपने माता- पिता को मतदान करने के महत्व के बारे में बताने एवं मतदान केंद्र में भेजने का निर्देश दिया गया.
साथ ही बच्चों द्वारा रैली निकाली गयी और नारे की गूंज से प्रचार -प्रसार किया गया. उपस्थित मतदाताओं को हेल्प डिस्क 1950 के बारे में जानकारी दी गई. दिव्यांगों को मतदान में दी जाने वाली सुविधा के बारे में जानकारी दी गई एवं उपस्थित ग्रामीणों को मतदान करने की शपथ दिलाई गई. फतेहपुर प्रखंड में प्रखंड समन्वयक के द्वारा सिमला डंगाल पंचायत के ताराबाद ग्राम में विधानसभा निर्वाचन 2019 में मतदाताओं को भाग लेने के लिए जागरूक किया गया और नाला प्रखंड में मतदाताओं को मतदान प्रक्रिया की जानकारी दी गई और साथ ही मतदाताओ को पोस्टर वितरण भी किया गया.

