नई दिल्ली: केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने मंगलवार को कहा कि कोविड-19 की जांच में काफी बढ़ोतरी होने के बावजूद संक्रमित होने की दर में लगातार कमी आई है.
स्वास्थ्य मंत्रालय ने साथ ही रेखांकित किया कि उपचाराधीन मामलों में पहली बार 24 घंटे में 6,423 की कमी आयी है. मंत्रालय ने कहा कि कोविड-19 की जांच वर्तमान में बढ़कर प्रतिदिन प्रति दस लाख 600 जांच से अधिक हो गई है जो कि एक अगस्त को प्रतिदिन प्रति 10 लाख पर 363 जांच की थी.
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के सचिव राजेश भूषण ने एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि सात-दिवसीय ‘रोलिंग’ औसत के आधार पर कोविड-19 से संक्रमित होने की दर अगस्त के पहले सप्ताह के दौरान 11 प्रतिशत थी, वह अब घटकर आठ प्रतिशत हो गई है.
उन्होंने कहा, ‘कोविड-19 (Covid 19) संक्रमण का पता लगाने के लिए जांच की संख्या तेजी से बढ़ी है, लेकिन संक्रमित होने की दर में लगातार कमी आई है. पहली बार, कोविड-19 के उपचाराधीन मामलों में 24 घंटे में 6,423 की कमी आई है.’

