रांचीः रायगढ़ पुलिस को लगातार मिल रही सफलता से प्रदेश के पुलिस के मुखिया काफी खुश हैं। उन्होंने ट्वीट कर मामले को तत्काल हल करने के लिए बिलासपुर IG रतनलाल डांगी, एसपी संतोष कुमार सिंह और उनके टीम को बधाई दी वहीं झारखंड पुलिस खासकर एसपी रांची, एसपी खूंटी और एसपी सिमडेगा का आभार भी जताया है। दुरूह सी लगने वाले इस मामले को एसपी रायगढ़ के निर्देशन में जिला पुलिस ने जिस तरह सुलझाया और झारखंड पुलिस ने जो तत्परता निभाई वह सचमुच् तारीफ के काबिल है।
MESSAGE OF SP, RAIGARH FOR SIMDEGA POLICE TEAM – “Thank you so much for so prompt actions. Boy recovered in Khunti Thana, Jharkhand. Really we are indebted.”
रायगढ़ जिले के खरसिया से कल शाम 6 बजे से अपहृत व्यापारी राहुल अग्रवाल के छह वर्षीय बेटे शिवांश को झारखंड के खूंटी जिले से देर रात तीन किडनैपर्स के साथ सकुशल बरामद कर लिया गया है। अपहरण की सूचना मिलते ही रायगढ़ पुलिस की कुल सात टीमें लगाई गई। स्वयं एसपी संतोष सिंह ने इस पूरे प्रकरण की मॉनिटरिंग खरसिया चौकी से की व रात में ही आईजी रतनलाल डांगी भी वहां पहुंच गए। कई टीमें राज्य के अन्य हिस्से में लगाई गई। सीसीटीवी में आए डिटेल के अनुसार पहचान कर व कुछ अन्य क्लू के आधार पर दो टीमें झारखंड की तरफ तुरन्त रवाना की गई।
झारखंड के रास्ते में आने वाले सभी जिलों के एसपी को अलर्ट कर डिटेल शेयर किया गया और उनसे नाकेबंदी के लिए अनुरोध किया गया। आरोपी लगातार आगे बढ़ते रहे और रायगढ़ पुलिस टीम दो इंस्पेक्टर की टीम के साथ पीछा करती रही। अंततः अपहरण के आठ-नौ घंटे के अंदर ही तीनों आरोपी सहित बालक सकुशल खूंटी जिले में स्थानीय पुलिस के सहयोग से बरामद कर लिया गया। तीन आरोपियों में से खिलावन दास महंत व्यापारी के घर का कुक था और उसने दो अन्य साथियों अमर दास व संजय सिदार के साथ षड्यंत्र कर अपहरण की योजना बनाई थी।
अपहरणकर्ताओं द्वारा व्यापारी से बहुत बड़ी फिरौती की रकम वसूलने की योजना थी । संभवत वह बच्चे को रांची के किसी बड़े गैंग को सौंपने की तैयारी में थे। तीनों आरोपियों से पूछताछ करते हुए रायगढ़ की टीम बालक को लेकर रास्ते मे हैं। पूछताछ व टीम आने के बाद प्रेस कांफ्रेंस कर डिटेल में जानकारी शेयर की जाएंगी।

