कहा- सुधर जाएं वरना साफ कर दिए जाएंगे
चतरा: राज्य के पुलिस महानिदेशक एम वी राव ने पुलिस महकमे के लिए आतंक का पर्याय बन चुके प्रतिबंधित नक्सली संगठन तृतीय प्रस्तुति सम्मेलन कमेटी यानी टीपीसी के अपराधिक चरित्र व इनकी गतिविधियों को उखाड़ फेंकने का आह्वान करते हुए कहा कि इनके जनाधार को जल्द ही कुचल दिया जाएगा.
दरअसल चतरा जिले के काले हीरे व औद्योगिक नगरी के रूप में एशिया विख्यात टंडवा के कोयलांचल परिक्षेत्र सीसीएल की मगध- आम्रपाली तथा अन्य क्षेत्रों में इनकी बढ़ती ताकत पर अंकुश लगाने को ले टंडवा स्थिति एसडीपीओ कार्यालय में गुरुवार की शाम तक चले वरिय पुलिस अधिकारियों की उपस्थिति में एक महत्वपूर्ण मैराथन बैठक आयोजित की गई.
जिसमें कोल माइंस में नक्सली व अपराधिक संगठन की गुंडागर्दी, अपराध व पैसे वसूली के बढ़ते साम्राज्य को योजनाबद्ध तरीके से नेस्तनाबूद कर देने की रणनीति पर विचार किया गया.
इस मौके पर डीजीपी ने पत्रकारों से बात करते हुए आगे कहा कि उनके द्वारा कमाई गई सारी अवैध संपत्तियों को भी जप्त कर लिया जाएगा. उन्होंने संगठन को सपोर्ट करने वाले नेटवर्क तथा दलालों की भी खबर लेते हुए कहा कि इन्हें जल्द ही सलाखों के पीछे धकेल दिया जाएगा.
उन्होंने अपराधिक गतिविधियों में शामिल मोस्ट वांटेड लोगो के नाम व इनाम के राशि की सूची को भी जहां सार्वजनिक करने की बात कही, वही दूसरी ओर उन्होंने कहा कि सूचना देने वालों का नाम गोपनीय रखते हुए उनके सुरक्षा की जिम्मेदारी पुलिस पर होगी तथा इनाम की राशि उन्हें गुप्त रूप से मुहैया करा दी जाएगी. इस मौके पर डीआईजी एवी होमकर तथा एसपी ऋषभ झा समेत पुलिस के कई वरीय अधिकारी मौजूद थे.

