नई दिल्ली: पाकिस्तान ने को दावा किया कि उसने कुलभूषण जाधव मामले को अन्य भारतीय कैदी के मामले से जोड़ने का प्रयास नहीं किया है. पाक विदेश मंत्रालय का यह बयान तब आया है जब एक दिन पहले भारतीय विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता अनुराग श्रीवास्तव ने नयी दिल्ली में मीडिया ब्रीफिंग में कहा था, ‘पाकिस्तान कुलभूषण जाधव के मामले को एक अन्य कैदी के मामले से जोड़ने का प्रयास कर रहा है.’
उनका कहना था कि पाकिस्तान इस मामले से जुड़े मूल मुद्दों पर कदम उठाने में विफल रहा है. पाकिस्तानी मीडिया की खबरों में दावा किया गया था कि भारतीय उच्चायोग के वकील शाहनवाज नून ने इस्लामाबाद उच्च न्यायालय को बताया है कि भारतीय उच्चायुक्त गौरव अहलूवालिया मृत्यु दंड का सामना कर रहे जाधव के लिए वकील की नियुक्ति को लेकर भारत के रूख को स्पष्ट करना चाहते हैं. उसके बाद भारत ने कहा था कि नून इस बारे में बोलने के लिए अधिकृत नहीं है और ऐसा प्रतीत होता है कि उन्होंने पाकिस्तान के सत्ता प्रतिष्ठान के दबाव के तहत यह कदम उठाया.

