नई दिल्ली: दो दिन की स्थिरता के बाद आज यानि शुक्रवार को डीजल की कीमतों में गिरावट देखी जा रही है. हालांकि पेट्रोल की कीमतों में स्थिरता दर्ज की जा रही है. शुक्रवार को ऑयल मार्केटिंग कंपनियों ने डीजल की कीमतों में कटौती कर दी है. गौरतलब है कि इस महीने देश की राजधानी दिल्ली में पेट्रोल 1.34 रुपये प्रति लीटर और डीजल 1.18 रुपये प्रति लीटर सस्ता हो गया है.
शुक्रवार को ऑयल मार्केटिंग कंपनियों ने दिल्ली और कोलकाता में डीजल के दाम 10 पैसे प्रति लीटर घटा दिए हैं. वहीं मुंबई और चेन्नई में डीजल की कीमतों में 11 पैसे प्रति लीटर की कटौती कर दी है.
इंडियन ऑयल की वेबसाइट के मुताबिक शुक्रवार को दिल्ली, मुंबई, कोलकाता और चेन्नई में पेट्रोल के दाम क्रमश: 73.27 रुपये, 78.88 रुपये, 75.92 रुपये और 76.09 रुपये प्रति लीटर दर्ज किए गए. वहीं दूसरी ओर चारों महानगरों में ग्राहकों को डीजल क्रमश: 66.31 रुपये, 69.50 रुपये, 68.67 रुपये और 70.04 रुपये प्रति लीटर के भाव पर मिल रहा है.
शुक्रवार को विदेशी बाजार में कच्चे तेल में लाल निशान में कारोबार हो रहा है. डब्ल्यूटीआई और ब्रेंट क्रूड क्रमश: 54 डॉलर प्रति बैरल के नीचे और 59.50 डॉलर प्रति बैरल के करीब कारोबार दर्ज किया गया. गुरुवार को मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज पर कच्चा तेल अक्टूबर वायदा में 8 रुपये की नरमी के साथ 3,810 रुपये के स्तर पर बंद हुआ था.

