मेदिनीनगर:-प्रतिबंधित पान मसाला तथा तंबाकू पदार्थ के बिक्री पर पूर्ण रूप से रोक लगाने को लेकर पलामू में व्यापक छापामारी अभियान चलाया जाएगा.इसे लेकर पलामू उपायुक्त शशि रंजन ने सभी अनुमंडल पदाधिकारियों को निर्देश दिया है कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में छापामारी अभियान चलाकर प्रतिबंधित पान मसाला तथा तंबाकू पदार्थ के बिक्री पर पूर्ण रूप से रोक लगाना सुनिश्चित कराएं.साथ ही कृत कार्रवाई की सूचना नियमित रूप से उपलब्ध कराएं. उपायुक्त ने राज्य में प्रवेश करने वाले सभी इंट्री प्वाइंट पर नियमित रूप से प्रतिबंधित पान मसाला के मालवाहकों के डिलीवरी चालान की भी जांच करने का निर्देश दिया है.उन्होंने कहा है कि तंबाकू एवं निकोटीन के दुष्प्रभाव के कारण राज्य में तंबाकू उत्पादों एवं पान मसाला ब्रांड पर लगे प्रतिबंध के प्रभावी अनुपालन हेतु उपलब्ध चेक पोस्ट एवं अन्य चिन्हित इंट्री प्वाइंट की सूची स्वास्थ्य चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण विभाग को उपलब्ध कराते हुए व्यापक छापामारी अभियान चलाया जाए.
उपायुक्त ने पलामूवासियों से भी अपील किया है कि वे प्रतिबंधित पान मसाला तथा तंबाकू पदार्थ का सेवन नहीं करें और इस पर रोक लगाने में पलामू जिला प्रशासन को सहयोग करें इससे पलामू में एक स्वस्थ समाज का निर्माण संभव हो सकेगा.

