जगदम्बा प्रसाद शुक्ल,
प्रयागराज: प्रयागराज में करमा पेय जल योजना द्वारा संचालित राजकीय नलकूप द्वारा नलों में गंदा पानी आ रहा है जिससे ग्रामीणों में आक्रोश है. क्षेत्र के हवाई पट्टी स्थित जलनिगम की पानी टंकी से उभारी, मुरादपुर, चकघनश्याम दास, कुशवाबारी, हरिहरपुर सहित दर्जनों गांवों में पेयजल की आपूर्ति की जाती है. आपूर्ति के लिए जमीन के अंदर बिछाई गई पाइप लाइन पुरानी होने से जगह जगह खराब हो गई हैं जिससे कुछ गांवों तक पानी नहीं पहुंच पा रहा है तथा कुछ गांवों में गंदा पानी आ रहा है.
चकघनश्याम दास के मोहम्मद सैफ अंसारी ने बताया कि पिछले कई दिनों से नलों में पानी नहीं आ रहा है जिससे लोगों को इस गर्मी में पानी के लिए इधर उधर भटकना पड़ रहा है. उभारी के तारिक नियाजी ने बताया कि उभारी में सुबह पानी आता है लेकिन पिछले तीन दिनों से गंदा पानी आ रहा है जो पीने लायक नहीं है. इस तरह के पानी से बीमारी का ख़तरा बढ़ सकता है. ग्रामीणों ने कहा कि इसकी शिकायत जलनिगम के कर्मचारियों से की गई लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई. लोगों ने अति शीघ्र जलापूर्ति को ठीक करने की मांग की है.

