रांचीः राजधानी के नगड़ी पुलिस ने रुसतम अंसारी हत्याकांड का खुलासा करते हुए पत्नी सहित दो लोगों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार लोगों में सलमा खातुन और एकामुल अंसारी शामिल हैं.
ग्रामीण एसपी ऋषभ झा ने मंगलवार को प्रेस कांफ्रेस में बताया कि अवैध संबंध के वजह से पत्नी ने दो लोगों के साथ मिलकर रुसतम अंसारी की हत्या कर दी थी. एसपी ने बताया कि 27 अक्टूबर को रुसतम अंसारी की हत्या कर अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करायी गयी थी.
हत्या की प्राथमिकी उसकी पत्नी सलमा खातून ने ही दर्ज करायी थी. पूछताछ में पता चला कि 23 अक्टूबर को फोन करके रुस्तम को बाड़ी वाले घर में बुलाकर हत्या कर दिया गया.
साक्ष्य छिपाने के नियत से शव को जला दिया गया था. पुलिस ने शव बरामद करने के बाद कई पहलुओं पर गहन जांच पड़ताल की.
एसपी ने बताया कि अनुंसधान के क्रम में इस कांड की मुख्य आरोपी मृतक की पत्नी ने पूछताछ में रुस्तम अंसारी को नशीला पदार्थ खिलाकर बेहोशी के हालत में गला दबा कर हत्या करने और गांव के बाहर अपने बाड़ी वाले घर ले जाकर किरासन तेल छिड़कर जलाने तथा बाहर से घर को बंद करने की बात स्वीकार की है.
उसने बताया कि इस मामले में इनके बहनोई एकामुल अंसारी और उसके भाई एनुल अंसारी ने सहयोग किया था. एसपी ने बताया कि मृतक की पत्नी ने पूछताछ में बताया कि इनके बहनोई के भाई एनुल से उसका अवैध संबंध था.
इस वजह से उनके पति और एनुल के बीच मारपीट भी हुई थी. एकामुल और एनुल ने रुसतम के मोबाईल को बंधेया गांव के डीप बोरिंग में डाल दिया जिससे उसका मोबाईल पुलिस के हाथ नहीं लगा.
एसपी ने बताया कि मामले में एनुल की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है.

