रांची:रांची गुड्स ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन के पदाधिकारियों की बैठक इटकी रोड संगठन कार्यालय में गुरुवार को हुई. इसकी अध्य क्षता एसबी सिंह ने की. मौके पर डीजल के दाम में निरंतर वृद्धि से परिवहन व्यवसाय को हो रहे नुकसान और व्यवसाय को चलाने पर चर्चा हुई.
संगठन के सचिव नीरज ग्रोवर ने कहा कि सदस्य असमंजस में हैं कि डीजल के दाम में बढ़ोत्तरी कहां जाकर रुकेगी ? व्यापार बंद करने की स्थिति में बहुत सदस्य आ चुके हैं. डीजल के दाम निरंतर बढ़ने से व्यवसाय घाटे में जा रहा है.
सदस्यों ने कहा कि परिवहन दर बढ़ाना ही विकल्प है. परिवहन दर बढ़ने से आम आदमी पर महंगाई का बोझ पड़ेगा, जिसकी जिम्मेदारी सरकार की होगी. ग्रोवर ने कहा कि हमें अपने व्यवसाय को बचाना है. अपने परिवार का भरण पोषण करना है. अब हमारे पास भाड़ा बढ़ाना ही एक मात्र विकल्प है. उपस्थित सदस्यों ने इस बात पर अपनी सहमति व्यक्त की.
आज की बैठक में एस बी सिंह (अध्यक्ष), नीरज ग्रोवर (सचिव) संजय जैन, पवन शर्मा, मदनलाल पारीक, सुनील सिंह चौहान, उदित नारायण सिंह, राजकिशोर सिंह, रवींद्र दुबे, महेंद्र कुमार कुशवाहा, विजय कुमार, अजीत कुमार प्रसाद, विनय सिंह, रनजीत तिवारी, ऋषिदेव यादव आदि उपस्थित थे.

