रांची: कोरोना और लॉकडाउन के कारण लंबे अंतराल के बाद मंगलवार (नौ जून) को रांची नगर निगम परिषद की बैठक हुई. करमटोली स्थित सेलब्रेशन हॉल में सोशल डिसटेंशिंग का ध्यान रखते हुए इस बैठक मेंं मेयर डिपिटी मेयर सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे. सभी आधिकारियों और पार्षदों के बीच दूरियां रखी गई थी. बैठक की शुरुआत सभी सदस्यों के साथ ही मेयर डिप्टी मेयर और नगर आयुक्त ने भगवान बिरसा मुंडा की 120 वीं पुण्यतिथि पर उनकी तस्वीर पर श्रद्धा सुमन अर्पित कर किया. इसके बाद मेयर आशा लकड़ा की अध्यक्षता में निगम परिषद की बैठक शुरू हुई. जिसमें पेयजल, टैक्स, स्वच्छता प्रमंडल, शहर की साफ सफाई आदि विषयों पर चर्चा हुई. बैठक में कहा गया कि लॉकडाउन की अवधि में वाहन पड़ाव और चौक चौराहों से टोल्स की वसूली नहीं हो पाई. जिससे निगम के आय में भी कमी आई है. बैठक में कहा गया कि शहर के लॉज और हॉस्टलों के रजिस्ट्रेशन की धीमी गति से भी निगम को आय नहीं हो रही है. बैठक में लॉज और हॉस्टलों के रजिस्ट्रेशन में आ रही परेशानी को देखते हुए इस कार्य में तेजी लाने पर बल दिया गया. बैठक में कहा गया कि वाटर हार्वेस्टिंग के लिए लोगों को जागरूक करने की जरूरत है. इसके लिए व्यापक जागरूकता और नियमों में सख्ती करना आवश्यक है. अटल वेंडर मार्केट के रखरखाव के संबंध में, निगम परिषद में लिए गए निर्णय को लागू करने के तरीकों पर विचार विमर्श किया गया.

