उत्तर प्रदेश: उत्तर प्रदेश के बहराइच जिले के मोतीपुर थाना क्षेत्र के एक घर में जानवर घुसने को लेकर बढ़े विवाद में समुदाय विशेष के लोगों ने एक दलित के घर में घुसकर उपद्रव किया जिससे गांव में दो समुदायों के लोग आमने सामने आ गए. पुलिस सूत्रों ने बताया कि एक पक्ष के आठ लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर छः आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है.
थाना प्रभारी जे.एन. शुक्ला ने सोमवार को बताया कि जोगनिया गांव निवासी दलित बुधई ने अपने घर में सुअर पाल रखा है. रविवार को बुधई का जानवर छूट कर पड़ोस के नसरुद्दीन के घर में चला गया था. दोनों पक्षों में थोड़ा कहासुनी के बाद एक बार मामला शांत हो गया.
उन्होंने बताया कि थोड़ी ही देर बाद नसरुद्दीन के लोगों ने बुधई के घर पर हमला बोल दिया और काफी देर तक उपद्रव करते रहे. बुधई का आरोप है कि उपद्रवियों ने उसके घर में घुसकर महिलाओं से छेड़छाड़ की साथ ही जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए घर में मौजूद महिलाओं, बच्चों व अन्य लोगों के साथ मारपीट की.
पुलिस ने बुधई की शिकायत पर आठ लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर छः आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है तथा अन्य दो की तलाश जारी है. थानाध्यक्ष ने बताया कि गांव में स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है. कोई तनाव नहीं है. घटनास्थल पर एहतियातन पुलिस बल तैनात किया गया है.

