रांचीः-कोडरमा के मरकच्चो थाना क्षेत्र के बिचरिया ग्राम में एक महिला ने अपने दो बच्चों समेत जहर खाकर जीवनलीला समाप्त कर ली. मृतका की मां ने बताया कि मुखलाल यादव की दो पत्नियां हैं. एक तिलैया में और दूसरी मरकच्चो में. समझा जाता है कि इसी बात को लेकर हमेशा झगड़ा होता था. इधर घटना को लेकर परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है. सूचना पाकर मरकच्चो थाना प्रभारी सदर अस्पताल पहुंचे और शव को अपने कब्जे मे लेकर पोस्टमार्टम करवा कर परिजनों को सौंप दिया. महिला की पहचान कौशल्या देवी) के रूप में हुई है. परिजनों के अनुसार रविवार रात को पति से किसी बात पर झगड़ा हो गया. महिला ने जहर लाकर अपने दोनों बेटों आशीष कुमार एवं सतीश कुमार को जहर दे दिया, उसके बाद खुद भी जहर खा लिया. इसके बाद सभी की तबीयत बिगड़ने लगी तो आनन-फानन में ग्रामीणों के सहयोग से सभी को सदर अस्पताल लाया गया. महिला एवं एक बच्चे की सदर अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गयी. वहीं एक बच्चे सतीश कुमार को डॉक्टर द्वारा बेहतर इलाज के लिए रिम्स रेफर कर दिया गया, लेकिन रास्ते में ही उसकी भी मौत हो गयी.

