बीएनएन डेस्क: कर्नाटक के स्वास्थ्य मंत्री के सुधाकर ने राज्य विधानसभा के सभी 225 सदस्यों को लेकर विवादित बयान दिया है. मंत्री के. सुधाकर ने राज्य विधानसभा के सभी 225 सदस्यों के बारे में कहा कि उनके निजी जीवन की जांच की जानी चाहिए जिससे पता चल सके कि इन सदस्यों में से कितनों के विवाहेतर या अवैध संबंध हैं. उन्होंने कहा, कांग्रेस और जद (एस) के जो विपक्षी नेता खुद को मर्यादा पुरुष और श्रीरामचंद्र के तौर पर प्रस्तुत कर रहे हैं, मैं उन्हें एक चुनौती देना चाहता हूं सभी 225 विधायकों की जांच होनी चाहिए. यह साबित हो जाएगा कि किसके अवैध संबंध हैं. मेरी भी जांच करवा लीजिए. उन्होंने यहां संवाददाताओं से कहा, सबका चरित्र पता चल जाएगा. मुख्यमंत्री रहते हुए किसने अपने निजी जीवन में क्या किया सबकी जांच होनी चाहिए.
उन्होंने कहा, यह नैतिकता और मूल्यों का सवाल है न? सभी को इसमें शामिल कीजिए- मंत्री, विधायक, विपक्ष के नेता. किसके अवैध संबंध रहे हैं सब पता चल जाएगा. मैं खुली चुनौती देता हूं. सुधाकर के इस बयान के बाद राजनीतिक हलकों में हड़कंप मच गया. कांग्रेस ने नैतिक आधार पर सुधाकर समेत छह मंत्रियों का इस्तीफा मांगा था जिसके बाद सुधाकर ने यह बयान दिया.

