रांची: झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा पार्टी के पूर्व विधायक और दिवंगत राजेंद्र प्रसाद सिंह के श्राद्ध के मौके पर आज रांची के हिनू चौक पर गरीबों को भोजन कराया गया और अंतिम श्रद्धांजलि दी गयी.
इस मौके पर कृषिमंत्री बादल ने राजेंद्र प्रसाद सिंह को गरीबों और श्रमिकों का मसीहा बताते हुए कहा कि असमय एक महान व्यक्तित्व के चले जाने के झारखंड को अपूरणीय क्षति हुई है.
उन्होंने कहा कि उनके राजनीतिक जीवन में राजेंद्र प्रसाद सिंह का अहम योगदान रहा है और वे जो भी कुछ भी है, उनमें राजेंद्र प्रसाद सिंह का बड़ा योगदान रहा है, पहली बार उन्हें विधानसभा चुनाव में टिकट दिलवाने और फिर चुनाव प्रचार में उन्होंने बड़ी मदद की.
इस मौके पर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता आलोक कुमार दूबे ने कहा कि सामाजिक – राजनीतिक जीवन में राजेंद्र प्रसाद सिंह जैसे नेता विरले ही पैदा होते है, उन्होंने अपना पूरा जीवन गरीब-मजदूरों के हितों के संघर्ष में लगा दिया.
इस अवसर पर कांग्रेस कार्यकर्त्ताओं द्वारा कोरोना योद्धा सफाई कर्मियों और गरीबों के बीच पुरी-सब्जी-बुंदिया का पैकेट भी वितरित किया किया गया.

