रांची:- जम्मू-कश्मीर में महबूबा मुफ्ती की पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी PDP को बड़ा झटका लगा है. पार्टी के संस्थापक सदस्य मुजफ्फर हुसैन बेग ने PDP से इस्तीफा दे दिया है. बेग के इस्तीफे के पीछे की वजह ‘पीपुल्स अलायंस फॉर गुपकार डिक्लेरेशन’ (PAGD) के अन्य दलों के साथ सीटें साझा करने के समझौते को लेकर नाखुश होना है. जम्मू-कश्मीर में जिला विकास परिषद (DDC) चुनाव होने वाले हैं. बेग ने कहा, ‘नेशनल कॉन्फ्रेंस ज्यादा सीटों पर चुनाव लड़ रही है. इस तरह ये पीडीपी के हितों में नहीं है. मैं फारूक अब्दुल्ला, महबूबा मुफ्ती का सम्मान करता हूं और उन्हें शुभकामनाएं देता हूं. मैं सिद्धांतों पर पीडीपी छोड़ रहा हूं.’ उन्होंने यह भी कहा कि पीएजीडी से संबंधित दलों के साथ सीटें साझा करने के समझौते के बारे में उनसे सलाह नहीं ली गई थी. बतादें जम्मू-कश्मीर में 28 नवंबर से 24 दिसंबर के बीच आठ चरणों में DDC चुनाव होने हैं.
