-
उपायुक्त रांची छवि रंजन की अध्यक्षता में हुई बैठक
-
पर्यटन मद के अंतर्गत स्वीकृत योजनाओं की हुई समीक्षा
-
समिति के सदस्यों के साथ पर्यटन स्थलों को विकसित करने पर किया गया विचार विमर्श
-
नई योजनाओं के प्रस्ताव पर भी हुई रायशुमारी
रांची: रांची समाहरणालय ब्लॉक ए स्थित उपायुक्त सभागार में जिला स्तरीय पर्यटन संवर्धन समिति की बैठक आयोजित की गई. उपायुक्त सह जिला पर्यटन संवर्धन समिति के अध्यक्ष छवि रंजन की अध्यक्षता में हुई बैठक में जनप्रतिनिधि एवं समिति के सदस्य उपस्थित हुए.
बैठक में पर्यटन मद के अंतर्गत स्वीकृत योजनाओं की उपायुक्त द्वारा समीक्षा की गयी. नामकुम प्रखंड अंतर्गत इक्कीसी महादेव मंदिर परिसर में स्टेज निर्माण को लेकर उपायुक्त ने जिला अभियंता को सर्वे कर काम शुरू कराने का निदेश दिया.
खेलगांव परिसर में कला भवन निर्माण, कलाकारों के आवास हेतु हॉल एवं कमरे तथा कला बाजार निर्माण के संबंध में उपायुक्त द्वारा जिला अभियंता को स्थल का निरीक्षण कर रिपोर्ट देने का निर्देश दिया गया.
रांची जिले में जितने भी पर्यटन स्थल हैं उन्हें राज्य सरकार द्वारा चार श्रेणियों में बांटा गया है. चौथे श्रेणी में जितने भी पर्यटन स्थल हैं, उन्हें कैसे विकसित किया जाए, इसे लेकर बैठक में सभी जनप्रतिनिधियों एवं समिति के सदस्यों के साथ विचार विमर्श किया गया.
इसके अलावा बैठक में कई महत्वपूर्ण पर्यटन स्थलों में साइन ऐज नहीं होने पर चर्चा की गई. उपायुक्त छवि रंजन ने जल्द से जल्द ऐसे पर्यटन स्थलों पर साइन ऐज लगाने का निर्देश दिया.
जिले में ऐसे पर्यटन स्थल जिनका किसी भी श्रेणी में नाम नहीं है, वैसे पर्यटन स्थलों का प्रस्ताव समिति में दिया गया और इस पर विस्तार से चर्चा की गई. उपायुक्त द्वारा संबंधित पदाधिकारी को विभाग से अनुमोदित कराकर कार्य कराने का निर्देश दिया गया.

