रांचीः राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू ने कहा है कि दिव्यांग बच्चों में अत्यंत प्रतिभा होती है, ये बच्चे आगे जायेंगे. हौसला बनाये रखें और अभ्यास करते रहे. झारखंड के विभिन्न जिलों से चयनित बच्चे आये हैं. सभी प्रतिभाशाली और विजेता हैं. उन्होंने कहा कि सभी बच्चे अच्छे हैं, मन के सच्चे हैं. राज्य के बच्चों में विभिन्न क्षेत्रों में असीम प्रतिभा है. राज्यपाल शुक्रवार को आड्रे हाउस में झारखंड राज्य बाल कल्याण परिषद् द्वारा आयोजित ‘‘राज्य स्तरीय पेंटिंग प्रतियोगिता-2019’’ के विजयी प्रतिभागियों को पुरस्कृत कर रही थी. इस अवसर पर राज्य सभा सांसद महेश पोद्दार, पुलिस महानिदेशक केएन चौबे, राज्यपाल के प्रधान सचिव सतेन्द्र सिंह, परिषद् की उपाध्यक्षा पुष्पा भुवालिका समेत परिषद् के सदस्य व प्रतिभागी मौजूद थे.
राज्यपाल ने बच्चों के प्रर्दशन की सराहना की
राज्यपाल ने बच्चों के प्रर्दशन की सराहना करते हुए कहा कि यहां के बच्चों में पेंटिंग के अतिरिक्त गायन, नृत्य सभी क्षेत्रों में उनकी दक्षता को कई अवसरों पर देखने को प्राप्त हुआ है. विगत पांच साल में झारखंड के 33 बच्चों को राष्ट्रीय स्तर पर पुरस्कार मिला है. इस प्रतियोगिता में 22 जिलों के कुल 400 बच्चों ने भाग लिया जिसमें 105 दिव्यांग थे. प्रतिभागियों को कई श्रेणियों यथा- ग्रीन ग्रुप, व्हाइट ग्रुप, येलो ग्रुप, रेड ग्रुप में विभक्त किया गया था.

