गीतेश अग्निहोत्री,
कानपुर: कानपुर में पांच दिनों में कान्हा गोशाला में नौ गायों की मौत के बाद गुरुवार की शाम जिलाधिकारी डा0 दिनेश चंद्र कानपुर देहात की शिवली की गोशाला पहुंच गए. लगातार हो रही गायों की मौत पर कड़ा रुख दिखाते हुए उन्होंने ईओ मेहीलाल व पशुचिकित्सक एके सिंह को गायों की मौत का जिम्मेदार मानते हुए शासन को कार्रवाई के लिए पत्र लिखने की बात कही. उन्होंने साफ कहा कि गायों की मौत भूख से हुई है. इसके लिए प्रथम दृष्ट्या दोनो अधिकारी जिम्मेदार हैं.
नगर पंचायत शिवली की कान्हा गोशाला में रविवार से गायों के मरने का सिलसिला शुरू हुआ. और गुरुवार को चार गायों की और मौत हो गई. नगर पंचायत अध्यक्ष अवधेश शुक्ला ने गायों को सूखा भूसा व हरा चारा न दिए जाने का आरोप लगाया था. गुरुवार की देर शाम जिलाधिकारी अचानक नगर पंचायत की कान्हा गोशाला में गायों को देखने पहुंच गए। उन्होंने नौ गायों के मरने पर कड़ी नाराजगी जाहिर करते हुए छुट्टी पर चल रहे ईओ व पशुचिकित्सक के कामकाज पर कड़ी नाराजगी जताई.
उन्होने एसडीएम रामशिरोमणि को गोशाला की देखरेख करने के आदेश दिए. साथ ही हरा चारा,चोकर लगातार देने के लिए आदेशित किया. साथ ही कहा कि अब गोवंश की मौत हुई तो और कड़ी कार्रवाई की जाएगी. साथ ही मुख्यपशु चिकित्साधिकारी देवकीनन्दन को बीमार पशुओं का इलाज कराने के आदेश दिए.

