रंजीत कुमार,
सीतामढ़ी: आगामी बिहार विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर डीएम अभिलाषा कुमारी शर्मा ने समाहरणालय सभाकक्ष में बैठक कर वरीय पदाधिकारियों को कई आवश्यक दिशा निर्देश दिए.
पोलिंग पदाधिकारियों का डेटाबेस तैयार करने के साथ ही मतदान केंद्रों का भौतिक सत्यापन करने का भी निर्देश दिया गया. सभी आरओ एवं आरओ को प्रशिक्षण देने की व्यवस्था करने का निर्देश दिया.
डीएम ने जानकारी देते हुए बताया कि निर्वाचन-2020 के संदर्भ में मतदान से संबंधित जानकारी प्रदान करने के लिये समाहरणालय परिसर में जिला सम्पर्क केन्द्र की स्थापना की गयी हैं.
इस सम्पर्क केन्द्र में टॉल फ्री नंबर 1950 संस्थापित किया गया हैं. इस नंबर पर डायल करके निर्वाचक सूची में नाम जोड़ने, उक्त सूची में नाम का संशोधन एवं विलोपन की प्रक्रिया की जानकारी, उक्त कार्यों के लिए आवश्यक प्रपत्र, प्रपत्र कहां जमा किए जाएंगे, कौन जमा करेंगे और कब तक जमा किए जाएंगे आदि के विषय में जानकारी प्राप्त की जा सकती हैं.
बैठक में एसपी अनिल कुमार, एसडीओ कुमार गौरव, एडीएम मुकेश कुमार, उप निर्वाचन पदाधिकारी बिनोद कुमार, डीपीआरओ परिमल कुमार सहित कई वरीय पदाधिकारी उपस्थित रहें.

