रंजीत कुमार,
सीतामढ़ी: डीएम अभिलाषा कुमारी शर्मा ने कोरोना वायरस से बचाव के मद्देनजर विभिन्न क्षेत्रों मे जागरूकता अभियान चलाया. इस दौरान मास्क नहीं लगाने को लेकर कई दवा दुकानदारों सहित कई लोगों को डीएम ने फटकार लगाई, कहा मास्क लगाकर एवं दो गज की दूरी का पालन कर ही कोरोना संक्रमण से बचा जा सकता है.
सबसे आश्चर्यजनक तब देखने को मिला जब सीतामढ़ी के कई दवा दुकानदार मास्क तो बेच रहे थे, परंतु स्वयं मास्क नहीं पहना था. डीएम ने ऐसे कई लोगों को फटकार लगाई एवं उन्हें सजग रहने की नसीहत भी दी.
गौरतलब हो कि डीएम अभिलाषा कुमारी शर्मा जब सीतामढ़ी शहर में जलजमाव की समस्याओं का जायजा लेने हेतु शहर में निकली तो कई दुकानदारों सहित आमजनों को मास्क नहीं पहने देखकर स्वयं उनको जागरूक करने लगी.
उन्होंने अपने गाड़ी से उतर कर लोगों को मास्क पहनने हेतु कहा तो कईयो ने तो अपने पॉकेट से मास्क निकाल कर पहना, तो कई महिलाएं अपने साड़ी के पल्लू से ही अपने चेहरों को ढकने लगी.
इसके बाद डीएम कई डॉक्टर के क्लीनिक पर भी पहुंची और उपस्थित लोगों एवं संचालकों को मास्क के संबंध में जागरूक भी किया.

