रंजीत कुमार,
सीतामढ़ी: सीतामढ़ी जिला पदाधिकारी ने आगामी छठ पूजा की तैयारियों एवं विधिव्यवस्था को लेकर समाहरणालय स्थित वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग कक्ष से जिले के सभी एसडीओ, एसडीपीओ, थानाध्यक्ष, बीडीओ, सीओ आदि के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक कर तैयारियों का समीक्षा किया एवं उपस्थित पदाधिकारियों को कई आवश्यक दिशा निर्देश भी दिए. साथ ही बिना अनुमति मुख्यालय छोड़ने पर भी पाबंदी लगायी गयी है.
डीएम ने कहा कि पर्व के अवसर पर प्रतिनियुक्त दंडाधिकारियों एवं पुलिस पदाधिकारियों की उपस्थिति ससमय सुनिश्चित करवाएं. उन्होंने निर्देश दिया कि सभी पदाधिकारी अपने-अपने क्षेत्र में ज्यादा से ज्यादा गश्ती करे एवं घाटों का निरीक्षण कर सभी आवश्यक व्यवस्थाओं को सुनिश्चित करें.
पंचायत स्तर पर सफाई एवं सैनिटाइजेशन का कार्य की मॉनिटरिंग करें. जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को छठ पर्व के अवसर पर कोरोना संक्रमण से बचाव को लेकर सरकार द्वारा समय-समय पर निर्गत निर्देशों के आलोक में आवश्यक कदम उठाये.
उन्होंने कहा कि कोरोना का खतरा अभी टला नहीं है. अतः छठ घाटों पर कोरोना को लेकर जारी दिशा निर्देशों को अनिवार्य रूप से पालन करवाना सुनिश्चित करें. छठ घाटों पर साफ-सफाई, प्रकाश की व्यवस्था, माइकिंग की व्यवस्था, गोताखोरों की व्यवस्था को लेकर भी कई आवश्यक दिशा निर्देश जिलाधिकारी ने दिए.
छठ पूजा घाट के आसपास खाद्य पदार्थों का स्टॉल नहीं लगाया जाएगा. कोई सामुदायिक भोज या प्रसाद या भोग का वितरण नहीं किया जाएगा. छठ पूजा के दौरान 60 वर्ष से अधिक उम्र के व्यक्ति, 10 वर्ष से कम उम्र के बच्चे, बुखार से ग्रस्त व्यक्ति एवं अन्य गंभीर बीमारियों से ग्रस्त व्यक्ति को सलाह दी जाती है कि वे छठ घाट पर ना जाएं.
इस अवसर पर किसी प्रकार के मेला, जागरण सांस्कृतिक कार्यक्रम का भी आयोजन नहीं किया जाएगा.
उक्त बैठक में अपर समाहर्ता मुकेश कुमार, निर्देशक डीआरडीए मुमुक्ष चौधरी, डीपीआरओ परिमल कुमार, डीआईओ मुकेश झा आदि उपस्थित थे.

