रांची: भाजपा प्रदेश महामंत्री एवं विधायक अनंत ओझा ने झारखंड कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष विधायक इरफान अंसारी के उस बयान पर कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी को स्पीकर को निर्देशित करने से बाज आना चाहिये.
उन्होंने कहा कि विधानसभा अध्यक्ष एक संवैधानिक पद है जिसपर खुद कांग्रस पार्टी दबाव में रखना चाहती है.
उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी संवैधानिक व्यवस्था में विश्वास नही रखती. उन्होंने कहा कि नेता प्रतिपक्ष विषय भाजपा और स्पीकर के बीच का है.
भाजपा ने झाविमो के विलय और इस संदर्भ में चुनाव आयोग के निर्णय के आलोक में बाबूलाल मरांडी को विधायकदल का नेता चुनते हुए विधानसभा अध्यक्ष को सूचित किया है तथा नेता प्रतिपक्ष बनाने का अनुरोध किया है, इसमें कांग्रेस की मध्यस्थता समझ से परे है.
उन्होंने कहा कि कांग्रेस में संवैधानिक संस्थाओं को रिमोट से चलाने की पुरानी परंपरा है.

