दिल्ली: केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉ. हर्षवर्धन ने मंगलवार को दिल्ली में अधिकारियों के साथ रिव्यू बैठक की. इस दौरान कोरोना वायरस से इतर डेंगू, मलेरिया, चिकनगुनिया जैसी आने वाली चुनौतियों को लेकर बात हुई.
लॉकडाउन 3.0 में मिली छूट को लेकर स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि अगर देश के कुछ हिस्सों में कुछ छूट दी गई है तो इसका मतलब ये नहीं है कि नियम का पालन नहीं होगा.
हर किसी को सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करना होगा और मास्क पहनना होगा. स्वास्थ्य मंत्री बोले कि जबतक कोई वैक्सीन नहीं आती है, तबतक ऐसा ही उपाय करना होगा.
भारत में कोरोना वायरस के खतरे को लेकर उन्होंने कहा कि भारत में अभी तक कम्युनिटी ट्रांसमिशन नहीं हुआ है, ऐसे में भारत अभी तक सही दिशा में बढ़ रहा है. साथ ही स्वास्थ्य मंत्री बोले कि कोरोना महामारी की वजह से लोगों में काफी बदलाव हुआ है, जीवन भी पूरी तरह से बदला है.
लॉकडाउन बढ़ाने को लेकर स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि अर्थव्यवस्था के साथ-साथ लोगों की सेहत भी जरूरी है, ऐसे में कुछ सख्ती के साथ कुछ राहत भी दी गई है. मंत्री बोले कि हर फैसले का पालन होना चाहिए, ताकि कोरोना के मामलों में उछाल ना आ पाए.
गौरतलब है कि लॉकडाउन 3.0 की शुरुआत के बाद से जैसे ही कुछ जगहों पर छूट मिलना शुरू हुई, तो लोगों की भीड़ सड़कों पर उमड़ आई. जिसके बाद सरकारों की चिंता बढ़ गई, दिल्ली समेत देश के कई हिस्सों में शराब की दुकानों पर भीड़ दिखी जिसे काबू पाने के लिए प्रशासन को एक्शन भी लेना पड़ा.
अगर देश में कोरोना वायरस के मामलों की बात करें तो मंगलवार सुबह तक देश में कोरोना के कुल 46433 केस सामने आ चुके हैं, जबकि 1500 से अधिक लोगों की मौत हो चुकी है. राहत की बात ये है कि देश में अबतक 12 हजार से अधिक लोग कोरोना से ठीक हो चुके हैं.

