देवघर: उपायुक्त नैन्सी सहाय ने जिलावासियों से अपील करते हुए कहा कि कृमि की दवा एल्बेंडाजोल का सेवन चबाकर करें. इसके अलावे जानकारी दी कि हमारे शरीर के अंदर बहुत सारे जीवाणु, विषाणु, प्रोटोजोआ आदि निवास करते हैं.
इनमें से कुछ हमारे शरीर के लिए लाभदायक है, परंतु कुछ ऐसे भी हैं जिससे हमारे शरीर को हानि पहुंचती हैं. ऐसे में हमारे लिए यह आवश्यक होता है कि हम उसे चिन्ह्ति कर उसका नाश करें, ताकि हमारे शरीर की रक्षा वैसे हानिकारक जीवाणुओं से हो सकें. इसके लिए हम तरह-तरह के औषधियों का सेवन भी करते हैं.
इसी प्रकार कृमि संक्रमण भारत के लिए जनस्वास्थ्य का एक महत्वपूर्ण विषय है एवं बच्चों में यह सर्वाधिक होता है, जिससे बच्चों के शारीरिक विकास, पोषण और ज्ञान संबंधी विकास के साथ-साथ विद्यालय की उपस्थिति पर भी हानिकारक प्रभाव पड़ता है.
अतः इसके रोकथाम हेतु आवश्यक है कि 01 से 19 वर्ष तक के सभी बच्चों को निश्चित समयांतराल पर कृमि नाशक दवाई का सेवन करायी जाये.
इसके अलावे उन्होंने कहा कि आज के समय में बाह्य शौच की वजह से अधिकतर बीमारियां फैलती है. इसलिए शौच हेतु हमेशा शौचालय का ही प्रयोग करें. इतना ही नहीं स्वस्थ्य रहने हेतु आवश्यक है कि हम अपने जीवनशैली में स्वच्छता को स्थान दें व अपने आस-पड़ोस को स्वच्छ रखें. साथ ही दूसरों को भी ऐसा करने के लिए प्रेरित करेें, क्योंकि समाज में कभी भी कोई बदलाव किसी एक वजह से नहीं आया है. इसके लिए सभी का जनसहयेाग आपेक्षित है.
इतना ही नहीं किसी कारणवश आज जो बच्चे कृमि की दवा लेने से छुट जायेंगे, उनके लिए 17.02.2020 को माप अप राउंड चलाकर कृमि नाशक गोली खिलाई जायेगी. इसके तहत जिला के सभी आंगनबाड़ी सेविकाओं व सहियाओं द्वारा 01 से 05 वर्ष तक के सभी बच्चों को आंगनबाड़ी केन्द्रों में तथा 06-19 वर्ष के स्कूल जाने वाले बच्चों को उनके विद्यालय में हीं शिक्षकों के देख-रेख में एल्बेंडाजोल की गोली दी जायेगी.
इसके अतिरिक्त स्कूल न जाने वाले 06-19 वर्ष के बच्चों हेतु एल्बेंडाजोल की गोली आंगनबाड़ी केन्द्रों पर वितरित की जायेगी.

