मुंबई: मुंबई के जोगेश्वरी (पूर्व) इलाके के एक 58 वर्षीय डॉक्टर को मेघवाड़ी पुलिस ने शनिवार को कथित रूप से ब्लैकमेल करने और 27 वर्षीय महिला मरीज के साथ दुष्कर्म करने के आरोप में गिरफ्तार किया.
शिकायतकर्ता ने कहा कि डॉक्टर ने उसका अश्लील वीडियो रिकॉर्ड किया और फिर उसे 2015 से 2018 तक लगातार ब्लैकमेल किया और आरोपी ने उस वीडियो को उसके साथ दुष्कर्म करने के लिए इस्तेमाल किया. जब महिला मरीज ने उसके ब्लैकमेल पर प्रतिक्रिया देना बंद कर दिया, तो आरोपी ने महिला का वीडियो ऑनलाइन पोस्ट कर दिया.
पुलिस के अनुसार, पीड़ित महिला पहली बार मई 2015 में आरोपी डॉक्टर के क्लिनिक गई थी. उसने (डॉक्टर) उसे एक इंजेक्शन दिया था जिससे वह बेहोश हो गई और फिर आरोपी ने महिला का एक अश्लील वीडियो बनाया. बाद में उसने वीडियो सार्वजनिक करने की धमकी दी और फिर 2018 तक उसके साथ दुष्कर्म किया.
इसी दौरान महिला की शादी हो गई, शादी के बाद भी डॉक्टर उसे ब्लैकमेल करता रहा. जब महिला ने उसके पास आने से इनकार कर दिया तो आरोपी डॉक्टर ने उसका वीडियो ऑनलाइन पोस्ट कर दिया. जिसके बाद एक दिन महिला के पति ने इस वीडियो को देखा.
इसके बाद दंपति ने पुलिस से संपर्क किया और भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की संबंधित धाराओं के तहत मेघवाड़ी पुलिस स्टेशन में डॉक्टर के खिलाफ एफआईआर दर्ज करवाई. डॉक्टर को 17 अक्तूबर तक पुलिस रिमांड पर भेज दिया गया है.

