रांचीः शहर थानाक्षेत्र में एक महिला का क्षत-विक्षत शव मिलने से सनसनी फैल गई. महिला का शव हाउसिंग कॉलोनी से सटे सोनार बांध के पास जमीन में दफनाया गया था. यह सुनसान इलाका है. शुक्रवार की देर शाम कुछ लोगों ने जमीन से बाहर निकला हुआ शव का एक पैर देखा, जिसे कुत्ते नोंच रहे थे. इसके बाद शहर थाना को सूचना दी गई. रात में पुलिस ने गाड़ी की हेडलाइट जला शव को जमीन से बाहर निकाला.
पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवा दिया है. शव की स्थिति खराब हो जाने की वजह से महिला की पहचान नहीं हो सकी. घटना की सूचना के बाद मौके पर थाना प्रभारी इंस्पेक्टर अरुण महथा पुलिस टीम के साथ पहुंचे. दंडाधिकारी सदर अंचलाधिकारी जेके मिश्रा की मौजूदगी में दफनाए हुए शव को बाहर निकाला गया.
मौके से पुलिस को एक साड़ी मिली है. थाना प्रभारी इंस्पेक्टर अरुण ने बताया कि पुलिस मामले की छानबीन कर रही है. मामला संदिग्ध है. पोस्टमाॅर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी. अन्य थाना से भी संपर्क किया जा रहा है. पता लगाया जा रहा है कि कहीं किसी महिला के गायब होने का मामला तो दर्ज नहीं है. शव देखकर मृतका की उम्र का अंदाजा 40 वर्ष लगाया गया है. मजिस्ट्रेट जेके मिश्रा ने शव को चार-पांच दिन पुराना बताया.

