रांची: क्या हाल है? सारा कुछ ठीक? डोन्ट वरी आई एम ऑलवेज विद यू…. यह कहना था राज्य के स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता का. स्वास्थ्य मंत्री ने शुक्रवार को रिम्स के जूनियर डॉक्टर्स एसोसिएशन के युवा चिकित्सकों से मुलाकात की.
इस दौरान स्वास्थ्य मंत्री ने कोरोना का इलाज कर रहे पीजी चिकित्सकों जिन्हें क्वारंटाइन किया गया है, उनसे वीडियो कॉलिंग के जरिये बात की और उनका हौंसला बढ़ाया.
इस दौरान स्वास्थ्य मंत्री ने सभी चिकित्सकों का हालचाल भी पूछा. उन्होंने इस संकट की घड़ी में जूनियर डॉक्टर्स एसोसिएशन को हरसंभव सहयोग का आस्वासन दिया. उनसे मिलने गए जूनियर डॉक्टर्स एसोसिएशन के प्रतिनिधिमंडल ने एक लाख रुपए की सहयोग राशि आपदा प्रबंधन कोष में दी.
डॉ अजित ने स्वास्थ्य मंत्री को राशि सौंपी. स्वास्थ्य मंत्री से मिलने वालों में जूनियर डॉक्टर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ अजित के अलावा डॉ सुरेंद्र, डॉ पल्लवित, डॉ अनीतेश गुप्ता, डॉ यूसुफ अहमद, डॉ मकबूल अंसारी व डॉ गजेंद्र नायक आदि शामिल थे.

