New Delhi:- देश के सरकारी सूचना तंत्र प्रसार भारती के डिजिटल चैनल्स की वृद्धि दर 2020 में 100 फीसदी से ज्यादा रही. इसमें रोचक बात यह है कि प्रसार भारती द्वारा संचालित दूरदर्शन व ऑल इंडिया रेडियो को भारत के बाद सबसे ज्यादा पाकिस्तान में देखा-सुना गया.
यह जानकारी रविवार को सूचना व प्रसारण मंत्रालय द्वारा दी गई. दूरदर्शन व आकाशवाणी के चैनलों को एक अरब से ज्यादा लोगों ने देखा-सुना. कुल मिलाकर समीक्षाधीन साल में इन चैनलों को छह अरब डिजिटल वाॅच मिनट देखा-सुना गया. रोचक बात यह है कि भारत के दर्शकों व श्रोताओं के बाद इनकी दूसरी बड़ी तादाद पाकिस्तान के नागरिकों की रही. जबकि तीसरे नंबर पर अमेरिका में देखा-सुना गया.
ये कार्यक्रम सबसे लोकप्रिय रहे
बीते वर्ष 2020 में सबसे ज्यादा लोकप्रिय डिजिटल कार्यक्रम प्रधानमंत्री की स्कूली बच्चों से बातचीत, गणतंत्र दिवस परेड 2020 व शकुंतला देवी का दुर्लभ वीडियो रहा, जिसे डीडी नेशनल आर्काइव से प्रसारित किया गया. संस्कृत भाषा के लिए प्रसार भारती ने वर्ष 2020 में यू ट्यूब पर पूर्ण संस्कृत कंटेट का एक चैनल लांच किया.

