रांची: राज्यपाल द्रौपदी मुर्मू ने रविवार को राजभवन स्थित बिरसा मंडप में न्यायमूर्ति डॉ रवि रंजन को झारखंड उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश पद की शपथ दिलाई.
न्यायमूर्ति डॉ रवि रंजन झारखंड उच्च न्यायालय के 13 वें मुख्य न्यायाधीश बन गए हैं. शपथ ग्रहण समारोह में मुख्यमंत्री रघुवर दास समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित थे. गौरतलब है कि सुप्रीम कोर्ट कॉलेजियम ने 15 अक्टूबर को डॉ रवि रंजन के नाम की अनुशंसा की थी.
झारखंड उच्च न्यायालय में फिलहाल कार्यवाहक मुख्य न्यायाधीश हरीश चंद्र मिश्र सहित 18 जज कार्यरत हैं. जबकि हाई कोर्ट में न्यायाधीशों के 25 पद स्वीकृत हैं. इससे पहले न्यायमूर्ति डॉक्टर रवि रंजन पंजाब व हरियाणा हाईकोर्ट के जस्टिस के रूप में काम कर चुके है.
मुख्य न्यायाधीश डॉ रवि रंजन का जन्म पड़ोसी राज्य बिहार के पटना में 20 दिसंबर 1960 को हुआ था. उन्होंने पटना विश्वविद्यालय से भूगर्भ शास्त्र में स्नातकोत्तर, साइंस में पीएचडी की है. विधि की डिग्री हासिल करने के बाद 4 दिसंबर 1990 को पटना हाईकोर्ट बार में उन्होंने योगदान दिया था .14 जुलाई 2008 को पटना हाई कोर्ट के न्यायाधीश के रूप में नियुक्त किए गए. 16 जनवरी 2010 को स्थाई न्यायाधीश बने. जस्टिस डॉ रवि रंजन पटना हाईकोर्ट के एक्टिंग चीफ जस्टिस भी रह चुके हैं.

