रांची: यदि आप भी ड्राइविंग टेस्ट देकर लाइसेंस बनवाने को लेकर परेशान हैं तो फिलहाल, दो महीने टेंशन फ्री हो जाएं. जी हां, ड्राइविंग टेस्ट अगले दो महीने तक नहीं होगी. कोरोना वायरस को लेकर ड्राइविंग टेस्ट पिछले लगभग ढाई महीने से बंद है. अब ड्राइविंग अगस्त माह से शुरू होने की संभावना है. फिलहाल अभी सिर्फ पुराने लाइसेंस को रिन्यूवल करने का ही काम हो रहा है. ऐसे में पिछले ढाई महीने से कई आवेदन पेंडिंग पड़े हुए हैं.
लर्निंग लाइसेंस लेना भी नहीं होगा आसान:
लॉकडाउन खुलने के बाद डीटीओ ऑफिस से लर्निंग लाइसेंस लेने में भी लोगों को इंतजार करना होगा. आवेदक को कम्प्यूटर टेस्ट से लेकर फोटो खिंचवाने के लिए समय लेना होगा. यानी पहले परमानेंट लाइसेंस के लिए एक महीने रुकना पड़ता था, अब लर्निग लाइसेंस के लिए भी एक महीना इंतजार करना पड़ रहा है, जो लाइसेंस एक महीने में मिल जाता था वो अब तीन महीने बाद मिलेगा. हो सकता है इससे ज्यादा भी समय लग जाए. लर्निग लाइसेंस मिलने के बाद ही परमानेंट के लिए आवेदन किया जाता है. लगभग एक से डेढ़ महीने बाद लर्निग लाइसेंस मिल पाएगा. इसके बाद परमानेंट के लिए फिर से आवेदन किया जाता है. इसके लिए भी ड्राइविंग टेस्ट लिया जाता है. परमानेंट लाइसेंस मिलने में 15 से 20 दिन का समय लगता था. लेकिन लॉकडाउन की वजह से 2 महीने से काम बंद है. ऐसे में कार्यालय खुलने पर भी इसमें काफी समय लगेगा.
संजीव कुमार, डीटीओ, रांची ने कहा कि ड्राइविंग टेस्ट लेने को लेकर विभाग की ओर से फिलहाल कोई आदेश अब तक नहीं आया है. विभागीय आदेश आने के बाद ही ड्राइविंग टेस्ट लिया जा सकता है.
विभाग भी जोखिम नहीं लेना चाह रहा है:
मोरहाबादी मैदान में ड्राइविंग टेस्ट लिया जाता है. ड्राइविंग टेस्ट में बहुत सारे लोग आते हैं. ऐसे में सोशल डिस्टेंसिंग का पालन भी कराना चुनौतीपूर्ण होगा. इस तरह की परिस्थिति में विभाग भी किसी प्रकार का जोखिम नहीं लेना चाह रहा है.

